भारत

BRICS समिट से पहले नोएडा एयरपोर्ट पर उतरे रूसी सेना के 3 विमान

SHIDDHANT
9 Sept 2026 10:34 PM IST
BRICS समिट से पहले नोएडा एयरपोर्ट पर उतरे रूसी सेना के 3 विमान
x
रूसी टीम और सुरक्षा अधिकारी रख रहे निगरानी
NOIDA नोएडा। भारत में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रस्तावित दौरे से पहले नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। एयरपोर्ट पर पहली बार रूसी सेना के तीन सैन्य विमानों की लैंडिंग हुई है। इनमें रूसी मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट IL-76 भी शामिल बताया गया है। इसे ब्रिक्स सम्मेलन से जुड़ी सुरक्षा और प्रोटोकॉल तैयारियों का हिस्सा माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक तीनों रूसी सैन्य विमान मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे एयरपोर्ट के रनवे पर उतरे। बताया जा रहा है कि विमानों के जरिए रूसी सेना की एडवांस टीम और सैन्य अधिकारी भारत पहुंचे हैं। बुधवार को भी तीनों विमान एयरपोर्ट के रनवे पर खड़े रहे।
नोएडा एयरपोर्ट के लिए यह घटनाक्रम इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि नए एयरपोर्ट पर विदेशी सैन्य विमानों की यह पहली लैंडिंग बताई गई है। इससे पहले इस तरह के विदेशी सैन्य विमानों की आवाजाही मुख्य रूप से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से होती रही है।
रूसी टीम और सुरक्षा अधिकारी रख रहे निगरानी
सैन्य विमानों के पहुंचने के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एयरपोर्ट के सुरक्षा अधिकारियों के साथ रूसी टीम भी विमानों और उनसे जुड़ी गतिविधियों की निगरानी कर रही है। विदेशी राष्ट्राध्यक्षों की यात्रा से पहले एडवांस टीमों का पहुंचना सुरक्षा एवं अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल की तैयारियों का हिस्सा होता है।
18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में प्रस्तावित है। सम्मेलन में कई सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शीर्ष प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भी सम्मेलन में शामिल होने की बात कही गई है।
पुतिन के दौरे से पहले तैयारियां तेज
रूसी सैन्य विमानों के आगमन को पुतिन की भारत यात्रा की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। किसी राष्ट्राध्यक्ष की यात्रा से पहले सुरक्षा, परिवहन, संचार और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए संबंधित देश की एडवांस टीम पहले पहुंच सकती है।
नोएडा एयरपोर्ट पर एक साथ तीन रूसी सैन्य विमानों के उतरने से यह एयरपोर्ट भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों के केंद्र में आ गया है। ब्रिक्स सम्मेलन नजदीक आने के साथ दिल्ली-एनसीआर में सुरक्षा और प्रोटोकॉल संबंधी तैयारियां और तेज होने की संभावना है।
Next Story