भारत

सगे तीन भाईयों ने खूनी वारदात को दिया अंजाम, चाकू से अटैक कर हत्या

Nilmani Pal
9 July 2025 7:37 AM IST
सगे तीन भाईयों ने खूनी वारदात को दिया अंजाम, चाकू से अटैक कर हत्या
x
पढ़े पूरी खबर

दिल्ली। अर्जुन कैंप इलाके में मंगलवार को एक 24 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान सनी के रूप में हुई है. पीड़ित के परिवार ने आरोप लगाया कि तीन भाइयों- राहुल, रवि और राजकुमार ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

घटना दिल्ली के वसंत कुंज नॉर्थ इलाके की है, जहां हत्या की जानकारी मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई. दिल्ली पुलिस को मिले पीसीआर कॉल में बताया गया कि "राहुल और रवि, दोनों भाइयों ने मेरे भाई को शरीर पर कई बार चाकू मारा है. हम उसे स्पाइनल अस्पताल लेकर आए हैं, लेकिन डॉक्टर कह रहे हैं कि वह अब नहीं रहा."

बताया जा रहा है कि जानकारी मिलते ही एएसआई स्तर के अधिकारी और पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे. यह स्थान अर्जुन कैंप की झुग्गी नंबर 146 के सामने था. जांच के दौरान पता चला कि आरोपी राहुल, रवि और राजकुमार आपस में सगे भाई हैं. घटना के वक्त राहुल और राजकुमार ने मृतक सनी के हाथ पकड़ रखे थे, जबकि रवि ने उस पर चाकू से हमला कर दिया. घायल सनी को स्पाइनल इंजरी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की उम्र 24 साल थी और वह अर्जुन कैंप का ही रहने वाला था. घटनास्थल पर क्राइम टीम को बुलाया गया और वहां की फॉरेंसिक जांच की गई. फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुट गई है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Next Story