भारत

लोगों पर गोलियां चलाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार, 3 हुए थे घायल

Rani Sahu
2 Feb 2022 10:48 AM GMT
लोगों पर गोलियां चलाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार, 3 हुए थे घायल
x
उत्तरी दिल्ली में लाल किला इलाके के समीप अंगूरी बाग में रोडरेज की घटना में लोगों पर गोलियां चलाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है

उत्तरी दिल्ली में लाल किला इलाके के समीप अंगूरी बाग में रोडरेज की घटना में लोगों पर गोलियां चलाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि गोलीबारी में तीन घायल हुए थे लेकिन अब उनकी हालत खतरे से बाहर है। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान शहजादा फरीद (30), शादाब (31) और शाहबाज उर्फ बादशाह (30) के रूप में की गयी है और सभी उत्तरपूर्वी दिल्ली के न्यू सीलमपुर के चौहान बांगर के रहने वाले हैं।

यह घटना सोमवार रात को हुई जब शाहिद अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल पर घर जा रहा था और एक स्कूटर ने दुर्घटनावश उन्हें टक्कर मार दी। स्कूटर पर दो आरोपी सवार थे। पुलिस ने बताया कि शाहिद की मोटरसाइकिल को मामूली नुकसान पहुंचा तो उसने आरोपियों से उसकी मरम्मत कराने के लिए कहा और इसके बाद उनके बीच बहस शुरू हो गयी। जैसे ही स्थानीय लोग इकट्ठा होने लगे तो शादाब ने पिस्तौल निकाल ली और एक गोली हवा में तथा चार गोली जनता पर चलाई। उन्होंने बताया कि घटना में आबिद, अमन और दिलफराज के पैर, जांघ और पीठ में चोटें आयी तथा उनका इलाज चल रहा है। इनमें से आबिद, शाहिद का भाई है।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) सागर सिंह कलसी ने बताया कि आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास) तथा शस्त्र कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। हमारे दल बाकी के साथियों को पकड़ने के लिए छापे मार रहे हैं। डीसीपी ने बताया कि आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल, एक मोबाइल फोन तथा दो दुपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गयी जिससे पुलिस को आरोपियों की पहचान करने तथा घटनाक्रम पता लगाने में मदद मिली।


Next Story