भारत
महिला सहित तीन गिरफ्तार, हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का चौंकाने वाला मामला उजागर
jantaserishta.com
12 March 2026 4:36 PM IST

x
पढ़ें पूरी खबर.
गुरुग्राम: गुरुग्राम में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक लैब टेक्नीशियन को नग्न वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर उससे पैसे ऐंठे गए. इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 63 हजार रुपये, वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो गाड़ी और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं.
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति ने थाना सेक्टर-37 में शिकायत दी थी. शिकायत के अनुसार वह गुरुग्राम के सेक्टर-83 स्थित एक लैब में काम करता है. 25 फरवरी को वह मोहम्मदपुर स्थित एवीएल-36 सोसाइटी में ज्योति नामक महिला का ब्लड सैंपल लेने गया था. इसी दौरान महिला ने ब्लड रिपोर्ट के बहाने उसका मोबाइल नंबर ले लिया और बाद में दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई.
पुलिस के मुताबिक बातचीत के दौरान महिला ने उसे दोबारा मिलने के लिए कहा. 2 मार्च को वह फिर से महिला का ब्लड सैंपल लेने उसके फ्लैट पर पहुंचा. कुछ देर बाद महिला ने फ्लैट का दरवाजा खुला छोड़ दिया. तभी वहां दो युवक अंदर आए और लैब टेक्नीशियन के साथ मारपीट शुरू कर दी.
आरोप है कि दोनों युवकों ने उसके कपड़े उतरवाकर उसकी नग्न वीडियो बना ली. इसके बाद तीनों आरोपियों ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर उससे पैसे ट्रांसफर करवा लिए. इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसे स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठाकर अलग-अलग जगह ले जाकर भी डराया-धमकाया और उससे पैसे ऐंठे.
पीड़ित की शिकायत के बाद थाना सेक्टर-37 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने हरीश यादव उर्फ मोनू निवासी गांव काहनावास जिला अलवर (राजस्थान) और श्याम सुंदर उर्फ अशोक निवासी गांव खैरोली जिला महेंद्रगढ़ को गुरुग्राम के सती चौक से गिरफ्तार किया.
इसके अलावा इस वारदात में शामिल ज्योति निवासी गांव ताजनगर गुरुग्राम को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. तीनों आरोपियों की उम्र लगभग 24 वर्ष बताई जा रही है. पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है.
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपियों की आपस में पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी. इसके बाद उन्होंने जल्दी पैसे कमाने के लिए मिलकर एक साजिश रची और हनीट्रैप के जरिए लोगों को फंसाने की योजना बनाई.
पुलिस के अनुसार इसी योजना के तहत महिला ने लैब टेक्नीशियन को अपने फ्लैट पर बुलाया और उसके साथियों ने मिलकर पूरी वारदात को अंजाम दिया. आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 63 हजार रुपये, घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





