भारत

शराब लदे वाहन और स्कूटी के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत...मां-बेटे समेत तीन की मौत

jantaserishta.com
24 April 2026 3:43 PM IST
शराब लदे वाहन और स्कूटी के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत...मां-बेटे समेत तीन की मौत
x
मचा कोहराम.
लोहरदगा: झारखंड के लोहरदगा जिले में नेशनल हाईवे-39 (कुड़ू-रांची मुख्य पथ) पर शुक्रवार को एक सड़क हादसे में मां-पुत्र समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना कुड़ू थाना क्षेत्र के ढुलुवाखुंटा के समीप की है, जहां शराब लदे एक मालवाहक वाहन और स्कूटी के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे के बाद हाईवे पर घंटों आवागमन बाधित रहा और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। कुड़ू थाना क्षेत्र के रोन्हैया कोलसिमरी गांव निवासी विषुण भगताइन अपने पुत्र किशोर भगत और भतीजा निरंजन उरांव के साथ स्कूटी पर सवार होकर मांडर अस्पताल जा रही थीं, जहां उनके पति इलाजरत हैं। इसी दौरान रांची से पलामू जा रहे शराब लदे मालवाहक वाहन ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किशोर भगत और निरंजन उरांव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विषुण भगताइन ने लोहरदगा सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मालवाहक वाहन बीच सड़क पर ही पलट गया, जिससे उसमें लदी शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ लोग शराब लूटने का प्रयास करने लगे। मौके पर पहुंचे कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार ने स्थिति को संभाला और शराब लूटने की कोशिश कर रहे लोगों को खदेड़ कर भगाया।
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया। हालांकि, सीओ संतोष उरांव और थाना प्रभारी अजीत कुमार ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जाम हटवाया। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में अंतिम संस्कार के लिए कुछ नकद राशि और दो क्विंटल चावल उपलब्ध कराया है।
इस दुर्घटना में मालवाहक वाहन में सवार तीन लोग भी घायल हुए हैं, जिनकी पहचान रांची के कांके निवासी विनत मुंडा, विकास मिंज और टिंकू राम के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल विनत मुंडा और विकास मिंज को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story