भारत

1.05 करोड़ की 'व्हेल की उल्टी' लेकर घूम रहे थे तीन लोग, पुलिस ने दबोचा

SHIDDHANT
23 Sept 2026 7:52 PM IST
1.05 करोड़ की व्हेल की उल्टी लेकर घूम रहे थे तीन लोग, पुलिस ने दबोचा
x
1 किलो माल की कीमत 1 करोड़ पुलिस भी रह गई हैरान
Ahmedabad.अहमदाबाद। गुजरात पुलिस की अहमदाबाद सिटी क्राइम ब्रांच ने वन्यजीवों से जुड़े अवैध व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.051 किलोग्राम एम्बरग्रीस जब्त किया है। पुलिस के अनुसार जब्त पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 5 लाख 10 हजार रुपये है। मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई अहमदाबाद के नरोदा इलाके में की गई। एम्बरग्रीस स्पर्म व्हेल से जुड़ा एक दुर्लभ मोम जैसा पदार्थ है, जिसे आम बोलचाल में 'व्हेल की उल्टी' भी कहा जाता है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग एम्बरग्रीस लेकर नरोदा इलाके में पहुंचे हैं और इसे कथित तौर पर बेचने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को रोका। तलाशी के दौरान उनके पास से 1.051 किलोग्राम संदिग्ध एम्बरग्रीस बरामद किया गया। जब्त सामग्री को आगे की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजा गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 46 वर्षीय महेशभाई लक्ष्मणभाई राठौड़, 25 वर्षीय किरण उर्फ भूराभाई भरवाड़ और 27 वर्षीय करण दीनानाथ गोड के रूप में की है। महेश और करण अहमदाबाद के खोडियारनगर-ठक्करनगर क्षेत्र के लीलानगर के रहने वाले बताए गए हैं, जबकि किरण आनंद जिले के खंभात तालुका के रोहिणी गांव का निवासी है। यह कार्रवाई 'ऑपरेशन थंडर-2026' के तहत की गई है। इस अभियान के तहत वन्यजीवों और वनस्पतियों के अवैध व्यापार तथा वन्यजीव संबंधी अपराधों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने अलग-अलग टीमें गठित की थीं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों तक एम्बरग्रीस कहां से पहुंचा और वे इसे किस व्यक्ति को बेचने वाले थे। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि क्या गिरफ्तार आरोपियों के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। एम्बरग्रीस की खरीद-बिक्री और परिवहन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। क्राइम ब्रांच जब्त पदार्थ के स्रोत और उसकी सप्लाई चेन का पता लगाने की कोशिश कर रही है। आरोपियों से पूछताछ के साथ उनके संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल 1.051 किलोग्राम एम्बरग्रीस जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद मामले की जांच जारी है।
Next Story