भारत

पानी-मलबे के सैलाब में बिछड़े तीन मजदूर, परिवार में छाया मातम

SHIDDHANT
29 Aug 2026 6:11 PM IST
पानी-मलबे के सैलाब में बिछड़े तीन मजदूर, परिवार में छाया मातम
x
पानी और मलबे से मची तबाही तीन मजदूरों का सुराग नहीं
Nepal नेपाल: नेपाल के रसुआ जिले में आई भीषण बाढ़ और मलबे की त्रासदी ने पश्चिम चंपारण के चनपटिया क्षेत्र के तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। रोजी-रोटी की तलाश में नेपाल गए तीन मजदूर समीर अंसारी, मोख्तार मियां और अरमान आलम हादसे के बाद से लापता हैं। वहीं, उनके साथ काम करने वाले चार मजदूर किसी तरह सुरक्षित अपने घर लौट आए हैं।
जानकारी के मुताबिक, सभी मजदूर नेपाल के रसुआ जिले में स्थित गणेश होटल में फर्नीचर और टाइल्स लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक इलाके में पानी और मलबे का तेज बहाव आ गया। हालात बिगड़ते ही मजदूर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी अफरातफरी में समीर, मोख्तार और अरमान अपने साथियों से बिछड़ गए।
हादसे के बाद से तीनों मजदूरों का परिवार से संपर्क नहीं हो सका है। मोबाइल फोन पर भी उनसे बात नहीं हो पाई है। परिजन किसी अनहोनी की आशंका से परेशान हैं, हालांकि उन्हें अब भी अपने परिजनों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद है। उसी समूह के चार मजदूर सुरक्षित वापस लौटे हैं। इनमें नेयाज आलम भी शामिल हैं। नेयाज के अनुसार, घटना के समय वह दूसरी साइट पर मौजूद था। लौटने पर उसे अपने तीनों साथियों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।
अरमान आलम के परिवार की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक है। उनकी पत्नी शहरून खातून और चार बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मोख्तार मियां के दो बेटे और एक बेटी हैं। पिता के लापता होने से परिवार सदमे में है। समीर अंसारी पांच भाइयों में सबसे छोटे और अविवाहित बताए जा रहे हैं। तीनों परिवार नेपाल में मौजूद लोगों और प्रशासन से लगातार संपर्क कर रहे हैं। उन्हें अब सिर्फ इस खबर का इंतजार है कि उनके लापता परिजन सुरक्षित हैं और जल्द घर लौटेंगे।
Next Story