भारत

जिम संचालक और उसके परिवार के तीन घरों को भीड़ ने फूंका, नौ गिरफ्तार, चौकी इंचार्ज निलंबित

Kajal Dubey
15 April 2022 4:50 PM GMT
जिम संचालक और उसके परिवार के तीन घरों को भीड़ ने फूंका, नौ गिरफ्तार, चौकी इंचार्ज निलंबित
x
पढ़े पूरी खबर

'एक प्रेम कहानी' के चलते आगरा का कस्बा रुनकता शुक्रवार को जल उठा। चार दिन पहले पीजी छात्रा को भगाने में आरोपित जिम संचालक और उसके परिवार के तीन घर भीड़ ने फूंक दिए। साजिद का धर्म बदलकर साहिल बनना भी काम न आया। सिलेंडर फटने के धमाकों से कस्बा दहल उठा। तीन घंटे चली पंचायत के बाद हुए बवाल की भनक भी पुलिस को तब लगी, जब सब राख हो चुका था। एसएसपी ने चौकी इंचार्ज को निलंबित कर इंस्पेक्टर पर जांच बिठा दी है। नौ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया है।

अपने प्यार और शादी के लिए साजिद ने धर्म परिवर्तन किया और मुस्लिम से हिंदू बन गया था। उसने अपना नया नाम साहिल रखा था। दिल्ली में राजेंद्र नगर तीस हजारी स्थित आर्य समाज वैदिक संस्कार ट्रस्ट में शादी से पहले उसने धर्म परिवर्तन का शपथपत्र भी दिया था। शादी के प्रमाणपत्र और उसके फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
जिम संचालक साजिद योजना के तहत युवती को लेकर भागा था। भागने के अगले दिन 12 अप्रैल को उसने दिल्ली स्थित आर्य समाज वैदिक ट्रस्ट में हिंदू रीति रिवाज से युवती से शादी की। इससे पहले उसने अपना धर्म परिवर्तन भी कर लिया। इसका शपथपत्र भी दिया। नया नाम साहिल रखा। इसके लिए शपथपत्र भी बनवाया। शादी के बाद युवती के साथ वीडियो बनाया। उसे सोशल मीडिया पर वायरल कराया।
युवती अब भी साजिद के साथ रहने पर अड़ी
युवती के परिजनों का आरोप है कि साजिद ने अकेले अपने बूते पर यह सब नहीं किया। उसके साथ और भी लोग थे। आरोप लगाया कि बेटी का धर्म परिवर्तन कराता तो धर्मांतरण के आरोप में फंस सकता था। इसलिए खुद का धर्म बदला। युवती के पिता ने बताया कि उन्हें भी बेटी के शादी का प्रमाणपत्र मिला है। उन्होंने देखा। बेटी से बातचीत की थी। बेटी युवक के बहकावे में है। उसकी ही भाषा बोल रही है। बेटी ने जिद नहीं छोड़ी तो वह उससे रिश्ता तोड़ देंगे। इससे ज्यादा कुछ नहीं कर सकते। काजीपाड़ा बस्ती में बवाल पर उनका कहना है कि उन्होंने किसी को नहीं उकसाया। वे पहले से परेशान हैं। उन्होंने किसी से पंचायत के लिए नहीं बोला था। लोगों ने खुद पंचायत बुलाई। लोग चाहते थे कि पुलिस पर दबाव बनाया जाए।
साजिद ने पहले ही बना ली थी पूरी योजना
साजिद ने भागने से पहले ही पूरी योजना बना ली थी। दिल्ली पहुंचकर क्या करना है यह उसे पता था। उसे ये भी आभास था कि युवती के गायब होते ही कस्बे में माहौल गर्मा जाएगा। पुलिस पर गिरफ्तारी का दबाव होगा। उसके पास ज्यादा समय नहीं है। शादी के बाद युवती के कोर्ट में बयान होंगे। युवती उसके पक्ष में बयान देगी। कानूनन पुलिस उसे परेशान नहीं कर पाएगी। वह युवती के साथ रहने लगेगा।
11 अप्रैल को लापता हुई थी युवती
रुनकता निवासी 22 वर्षीय युवती माइक्रोबायोलॉजी से एमएससी के बाद बकरी अनुसंधान संस्थान में ट्रेनिंग कर रही थी। 11 अप्रैल को वो लापता हुई। घरवालों ने कस्बे के ही जिम संचालक साजिद पर उसे अगवा करने का आरोप लगाया था। घटना के बाद अखिल भारत हिंदू महासभा और बजरंग दल ने सिकंदरा थाने पर प्रदर्शन भी किया था। इसके बाद साजिद के खिलाफ मुकदमा लिख पुलिस ने नाटकीय अंदाज में बुधवार को छात्रा को दिल्ली से बरामद किया। लेकिन आरोपित नहीं पकड़ा गया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश पनप गया।
सोशल मीडिया पर पंचायत का मैसेज वायरल
सोशल मीडिया पर पंचायत का मैसेज वायरल हुआ। शुक्रवार सुबह सात बजे से कस्बे के हाट बाजार में भीड़ जुटने लगी। रुनकता के अलावा गांव पनवारी, अकबरा, अटूस, मांगरौल, लोह करेरा, नागर से भी ग्रामीण पहुंचे। अखिल भारत हिंदू महासभा, बजरंग दल आदि संगठन के कार्यकर्ता भी आ गए। इतने पर भी पुलिस बेखबर थी। पंचायत में दिए गए कुछ बयानों से भीड़ भड़क गई।
पहले साजिद फिर अन्य का घर फूंका
आरोपित जिम संचालक साजिद का घर हाट बाजार से करीब 150 मीटर दूर मोहल्ला काजीपाड़ा में है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आक्रोशित भीड़ लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से लैस होकर उसके घर पहुंची। बंद ताले को हथौड़े से तोड़कर बड़ी संख्या में लोग दो मंजिला मकान में घुस गए। छत पर लगी टंकी तोड़ दी। घर का सामान गली में फेंक दिया। डीजल डालकर आग लगा दी। चंद कदम दूर साजिद के भाई मुजाहिद और उसके बगल चाचा रहीश का घर भी है। चाचा का घर में ही जूते का कारखाना भी है। इनके भी ताले तोड़कर सामान तहस-नहस किया और उनमें आग लगा दी गई।
इसके बाद भीड़ कुछ दूर स्थित सेठ श्याम लाल इंटर कॉलेज पहुंची। यहां पहली मंजिल पर साजिद की जिम का सामान रखा था। उसे उठाकर नीचे फेंक दिया। इसी बीच सूचना पर एसएसपी सुधीर कुमार सिंह फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने आठ लोगों को पकड़ लिया है। एसएसपी ने बताया कि इंस्पेक्टर सिकंदरा बलवान सिंह की तरफ से मुकदमा लिखा जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। चौकी इंचार्ज रुनकता जितेंद्र सिंह को लापरवाही पर निलंबित किया गया है। इंस्पेक्टर के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं.
Next Story