
x
बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत
Sehore सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, यह हादसा जिले के इछावर क्षेत्र में मोगरा रोड के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बच्चे खेलते-खेलते वहां पहुंचे थे। इसी दौरान वे बारिश के पानी से भरे गड्ढे में उतर गए। गड्ढे में पानी की गहराई अधिक होने के कारण बच्चे खुद को संभाल नहीं पाए और डूब गए।
मृतकों की पहचान 12 वर्षीय प्रशांत, उसके 10 वर्षीय भाई पृथ्वीराज और 11 वर्षीय दिक्षांत के रूप में हुई है। प्रशांत और पृथ्वीराज सुभल बागरी के बेटे थे, जबकि दिक्षांत अखिलेश बागरी का पुत्र था। तीनों बच्चे इछावर के वार्ड नंबर 12 के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि घटना दोपहर करीब 1 बजे की है। आसपास मौजूद लोगों को जब पानी में बच्चों के शव दिखाई दिए तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चों को बाहर निकाला गया।
सीहोर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रशांत चौबे ने बताया कि परिजनों की ओर से बच्चों के डूबने की जानकारी दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो बारिश के पानी से भरे गड्ढे में तीन बच्चों के शव मिले। एएसपी ने बताया कि मोगरा रोड के पास मौजूद यह गड्ढा बारिश के कारण पानी से भर गया था। पानी अधिक गहरा होने की वजह से बच्चे बाहर नहीं निकल सके और हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
एएसपी प्रशांत चौबे ने कहा कि जांच के दौरान गड्ढे की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और किसी तरह की लापरवाही की संभावना को भी देखा जाएगा। यदि जांच में किसी की जिम्मेदारी या लापरवाही सामने आती है तो उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने मानसून के दौरान खुले पड़े गड्ढों और निर्माण स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बारिश के मौसम में कई जगह पानी भर जाने से ऐसे स्थान बच्चों के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले गड्ढों और जलभराव वाले क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए प्रशासन को पहले से कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Next Story





