भारत
उद्योग विभाग से बिलासपुर के तीन कारोबारियों ने मांगी अनुमति
Shantanu Roy
17 Oct 2026 6:00 PM IST

x
Bilaspur. बिलासपुर। बिलासपुर के उद्योगपति भी अब जल्द ही इंपोर्ट-एक्सपोर्ट कारोबार के माध्यम से अपने उद्योगों में तैयार किए हुए प्रोडक्ट बाहरी राज्यों में बेचेंगे। इसके लिए बिलासपुर के तीन उद्योगपति आगे आए हैं। उद्योग विभाग बिलासपुर से तीन उद्योगपतियों ने इंपोर्ट-एक्सपोर्ट कारोबार के लिए अनुमति मांगी है। उद्योग विभाग के पास इन उद्योगपतियों ने आवेदन किया हुआ है। उद्योग विभाग की ओर से औद्योगिक क्षेत्र बिलासपुर, ग्वालथाई सहित अन्य क्षेत्रों के उद्योगपतियों को उनके द्वारा तैयार किए गए प्रोडक्ट को इंपोर्ट-एक्सपोर्ट करने के लिए जागरूक भी किया जाएगा। हालांकि अभी तक जिला बिलासपुर में बिलासपुर और ग्वालथाई की औद्योगिक क्षेत्र हैं। वहीं, झंडूता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बरसंड और घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भदरोग को औद्योगिक क्षेत्र के तौर पर विकसित करने को लेकर कवायद जारी है।
उद्योग विभाग बिलासपुर के उप निदेशक एवं प्रबंधक मनोज कुमार का कहना है कि विभाग के पास तीन उद्योगपतियों ने अपने प्रोडक्ट इंपोर्ट-एक्सपोर्ट करने को लेकर आवेदन किया हुआ है। इस बारे में विभाग की ओर से आगामी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इस बारे में अन्य उद्योगपतियों को भी जागरूक किया जाएगा, उन्हें भविष्य के परिणामों से अवगत करवाया जाएगा। अन्य उद्योगपतियों को भी इससे जोड़ा जाएगा, ताकि जिला बिलासपुर में तैयार होने वाले प्रोडक्ट देश, विदेश में पहुंच सकें। भानुपल्ली से बिलासपुर तक अगले साल तक रेलवे सेवाएं शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके लिए सरकार द्वारा आगामी प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है। उद्योगपतियों को अपने प्रोडक्ट रेलवे के माध्यम से अन्य जगह पर भेजना आसान होगा। रेलवे शुरू होने के बाद आम आदमी की आवाजाही भी आसान होगी।
Next Story





