भारत

लड़के-लड़की से अभद्रता के मामले में तीन गिरफ्तार, महिला आयोग ने लिया संज्ञान

jantaserishta.com
21 Sept 2026 4:30 PM IST
लड़के-लड़की से अभद्रता के मामले में तीन गिरफ्तार, महिला आयोग ने लिया संज्ञान
x
वीडियो वायरल.
जमुई: बिहार के जमुई जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किए जाने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना जमुई टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा गांव की बताई जा रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले में राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बाइक सवार लड़के और लड़की को कुछ लोग रास्ते में रोक लेते हैं। वीडियो में लड़की के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किए जाने का दृश्य दिखाई देता है। लड़की वहां मौजूद लोगों से हाथ जोड़कर उन्हें जाने देने की अपील करती नजर आ रही है। वह कहती सुनाई देती है, "बच्चा हैं, जाने दीजिए। अब कभी नहीं आएंगे।" इस दौरान मौके पर कई अन्य लोग भी मौजूद दिखाई दे रहे हैं।
जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने बताया कि पुलिस को घटना से संबंधित वीडियो मिले थे। वीडियो के आधार पर पीड़िता की पहचान की गई और उसका बयान दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता के बयान से पता चला कि घटना 19 सितंबर की शाम करीब सात बजे की है। एसपी ने बताया कि वीडियो के फ्रेम में छह-सात लोग दिखाई दे रहे हैं। इनमें से कुछ लोगों की पहचान पुलिस ने कर ली थी।
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आगे की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे। इस मामले में राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने कहा कि उन्होंने वीडियो के माध्यम से घटना की जानकारी ली है। उन्होंने बताया कि वीडियो में एक किशोरी लड़की के साथ छेड़छाड़ की घटना दिखाई दे रही है।
महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में जमुई के जिलाधिकारी से बात की है। जिलाधिकारी ने उन्हें बताया कि घटना लखीसराय और जमुई की सीमा के पास शाम के समय हुई थी और यह 19 सितंबर की घटना है। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है और प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि सोमवार शाम तक मामले में हुई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि वह इस मामले में जमुई के पुलिस अधीक्षक को भी पत्र भेजेंगी और घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई की जानकारी लेंगी। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story