भारत

AI आधारित फेशियल रिकग्निशन सॉफ्टवेयर के आधार पर तीन आरोपी गिरफ्तार, ऐसे मिली सफलता

jantaserishta.com
2 March 2026 1:07 PM IST
AI आधारित फेशियल रिकग्निशन सॉफ्टवेयर के आधार पर तीन आरोपी गिरफ्तार, ऐसे मिली सफलता
x
कई वारदातों का खुलासा.
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के द्वारका जिले की एंटी-बर्गलरी सेल ने एक विशेष ऑपरेशन में तीन सक्रिय चोरों को गिरफ्तार किया है। इन्होंने चोरी की कई वारदातों का खुलासा किया है। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि पिछले कई दिनों से चोरी की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद एंटी-बर्गलरी सेल को मामले की जांच सौंपी गई। डीसीपी द्वारका अंकित सिंह के निर्देश पर एंटी-बर्गलरी सेल ने जांच तेज की।
इंस्पेक्टर विवेक मैंदोला के नेतृत्व में गठित टीम ने चोरी की तीन घटनास्थलों का दौरा कर सीसीटीवी फुटेज खंगाली। तीनों घटनाओं में एक ही संदिग्ध दिखाई दिए लेकिन स्पष्ट तस्वीर उपलब्ध नहीं हो पा रही थी। तीसरी घटना की फुटेज से एक आरोपी की साफ तस्वीर मिली।
पुलिस ने लेटेस्ट एआई-आधारित फेशियल रिकग्निशन सॉफ्टवेयर की मदद से संदिग्ध की पहचान अमन कुमार के रूप में की। इसके बाद उसकी गतिविधियों पर तकनीकी और मुखबिर के आधार पर निगरानी रखी गई। सूचना मिली कि अमन अपने साथियों के साथ अंबेडकर पार्क, उत्तम नगर आएगा। टीम पूरे इलाके में सादे कपड़े में तैनात हो गई और तीनों आरोपियों को मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया। हालांकि उन्होंने भागने की कोशिश की लेकिन एंटी-बर्गलरी सेल ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान चोरी की एक मोटरसाइकिल, छह मोबाइल फोन, चोरी के बर्तन और एक गैस सिलेंडर बरामद किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि राजीव हरि नगर थाने में होमगार्ड के रूप में कार्यरत है, जबकि अमन और विशाल मजदूरी करते हैं। तीनों स्मैक के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी करते थे। आरोपियों की पहचान राजीव (39), विशाल उर्फ चपटा (22) और अमन कुमार (27) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी दिन के समय चोरी करते थे ताकि रात में गश्त कर रही पुलिस से बच सकें।
जांच में पता चला कि अमन पहले भी दो चोरी के मामलों में शामिल रहा है। विकासपुरी में एक सुनार के पास दो जोड़ी सोने की बालियां, दो अंगूठियां और एक नाक की अंगूठी गिरवी रखने की बात भी सामने आई है। पुलिस का दावा है कि इनकी गिरफ्तारी से चोरी के 14 मामलों का खुलासा हुआ है। मामले की आगे की जांच जारी है।
बता दें कि 31 जनवरी 2026 को महारानी एन्क्लेव, हस्तसाल निवासी पूनम रानी ने घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद 7 से 13 फरवरी के बीच विद्या विहार और 16 फरवरी को नवादा गांव में भी दिन के समय चोरी की घटनाएं सामने आईं। इन मामलों में सोने के आभूषण, नकदी, गैस सिलेंडर, मोबाइल फोन और अन्य घरेलू सामान चोरी हुए। सभी मामलों में ई-एफआईआर उत्तम नगर थाने में दर्ज की गई।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story