भारत
सोशल मीडिया पर धमकी, फिर वारदात को अंजाम दे डाला! अब अगले टारगेट का ऐलान
jantaserishta.com
14 July 2023 9:20 AM IST

x
कारोबारी की हत्या.
रांची: सोशल मीडिया पर धमकी भरा ऐलान करना और इसके बाद वारदात को अंजाम दे डालना। झारखंड में क्राइम का यह नया ट्रेंड डेवलप हो गया है। जमशेदपुर के सूरज यादव नामक एक वांटेड क्रिमिनल ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर बुधवार की शाम अपने नेक्स्ट टारगेट को लेकर धमकी भरा पोस्ट किया है। उसने 5 जुलाई को फेसबुक पर एक ऐसा ही पोस्ट लिखने के दो घंटे के भीतर जमीन कारोबारी अश्विनी कुमार की गोली मारकर हत्या दी थी। पुलिस उसकी तलाश में पिछले आठ दिनों से झारखंड से लेकर बंगाल तक रेड मार रही है।
इसी बीच उसने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है- नेक्स्ट कौन है? तैयार रहें, दोबारा धमाका होने वाला है...।
दरअसल, अश्विनी की हत्या करने से पहले आरोपी ने इंस्टाग्राम प्रोफाइल में लिखा था, आंख में खटकने वाले तैयार रहें, धमाका कभी भी हो सकता है। तकरीबन दो घंटे के बाद शेषनगर निवासी अश्विनी कुमार गोविंदपुर पहुंचे थे। वहां एसडी स्कूल के पास बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े उन्हें गोली मारी थी। हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। अब वारदात के आठवें दिन वॉन्टेड सूरज यादव ने फिर से धमकी जारी कर पुलिस को खुली चुनौती दे डाली है। हालांकि, पुलिस ने इस हत्याकांड में दो लोगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन, मुख्य आरोपी सूरज यादव पकड़ से बाहर है।
रांची में भी 5 जुलाई को अरगोड़ा चौक के पास कोयला कारोबारी रंजीत गुप्ता पर अपराधियों ने फायरिंग की। वह बुरी तरह जख्मी हो गए। इस वारदात के कुछ ही देर बाद दुमका जेल में बंद गैंगस्टर अमन साव की ओर से उसके मयंक सिंह नामक गुर्गे ने फेसबुक पर पोस्ट लिखकर इसकी जिम्मेदारी ली और कहा कि उसे ईश्वर ने बचा लिया। जहां तक हमारी कॉल जाती है, वहां तक हमारी गोली भी जाती है।
मयंक सिंह के नाम पर पहले भी कई धमकी भरे पोस्ट जारी किए गए। पुलिस का कहना है कि मयंक सिंह नामक कोई क्रिमिनल नहीं है। छद्म नाम से दहशत फैलाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने मयंक सिंह का फेसबुक अकाउंट अब बंद करा दिया है। जांच में पाया गया है कि जिस फोन नंबर से यह अकाउंट चलाया जा रहा था, उसका लोकेशन दुमका जेल है। गैंगस्टर अमन साव इसी जेल में बंद है।
8 जून 2022 को जमशेदपुर में एग्रिको इलाके में घर में घुसकर मनप्रीतपाल सिंह की गोली मारकर हत्या की गई थी। घटना से कुछ दूर पहले फरार आरोपी पूरन चौधरी ने फेसबुक पर अपनी ट्रैवलिंग का लाइव वीडियो भी जारी किया था। उसने हत्या से कुछ दिन पहले हथियारों के साथ एक तस्वीर भी पोस्ट की थी।
जमशेदपुर में ही 3 अक्टूबर 2022 को टेल्को सबुज कल्याण संघ पंडाल के पास अमरनाथ गिरोह के रंजीत सरदार की हत्या विरोधी गैंग गणेश सिंह के सदस्यों ने की थी। हत्या से 5 दिन पहले शूटर राहुल कुमार गुप्ता उर्फ शोले ने फेसबुक पर वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में रंजीत सरदार और उसके सहयोगियों को सीधी धमकी दी गई थी।
Tagsरांचीरांची न्यूज़जमशेदपुरजमशेदपुर न्यूज़हत्याकारोबारींक्राइम न्यूज़RanchiRanchi NewsJamshedpurJamshedpur NewsMurderBusinessmenCrime News
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





