भारत
एयरपोर्ट पर फ्लाइट को हाईजैक की मिली धमकी, टॉयलेट में मिला नोट
jantaserishta.com
11 Nov 2026 2:32 PM IST

x
मचा हड़कंप.
कोलकाता: नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट को हाईजैक करने की धमकी मिली, जिससे तनाव पैदा हो गया। इसके बाद विमान की सघन तलाशी ली गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जब फ्लाइट टेक-ऑफ की तैयारी कर रही थी, तब पायलट को धमकी मिली और उसने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को इसकी सूचना दी। फ्लाइट को तुरंत आइसोलेशन बे (अलग जगह) में ले जाया गया और सुरक्षा कर्मियों ने विमान के अंदर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। हालांकि, अभी तक कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली है। इस मामले पर एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की इस फ्लाइट में 92 यात्री सवार थे और यह टेक-ऑफ का इंतजार कर रही थी, तभी पायलट को धमकी के बारे में पता चला। शुरुआती जानकारी के अनुसार, फ्लाइट के टॉयलेट में एक नोट मिला था, जिसमें विमान को हाईजैक करने की चेतावनी दी गई थी।
एटीसी के निर्देशों का पालन करते हुए पायलट ने विमान को आइसोलेशन बे में पहुंचा दिया। विमान में सवार यात्रियों को भी बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। इस घटना से यात्री काफी डरे हुए थे और उनके चेहरों पर साफ घबराहट देखी जा सकती थी।
पिछले महीने के आखिर में कोलकाता एयरपोर्ट पर लगातार दो बार बम की झूठी धमकियां मिलीं। 23 अक्टूबर को कोलकाता एयरपोर्ट पर टिश्यू पेपर पर लिखी हुई बम की एक धमकी मिली। इसके बाद, 24 अक्टूबर को थाईलैंड के फुकेत से कोलकाता आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट के वॉशरूम के शीशे पर बम की धमकी लिखी मिली, जिसके चलते विमान की सघन सुरक्षा जांच की गई। हालांकि, दोनों ही मामलों में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला और ये धमकियां झूठी साबित हुईं।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





