भारत

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को उड़ाने की धमकी, बढ़ाई गई सुरक्षा

jantaserishta.com
15 July 2025 11:27 AM IST
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को उड़ाने की धमकी, बढ़ाई गई सुरक्षा
x
मुंबई: देश का आर्थिक नर्व सेंटर कहे जाने वाले बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मंगलवार को एक ईमेल भेजकर यह धमकी दी गई, जिसके बाद हड़कंप मच गया। घटना के बाद बीएसई के आसपास की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
बीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर भेजे गए ईमेल में स्टॉक एक्सचेंज की इमारत को उड़ाने की धमकी दी गई थी। ईमेल में दावा किया गया कि बीएसई टावर बिल्डिंग में चार आरडीएक्स आईईडी बम प्लांट किए गए हैं, जो दोपहर 3 बजे फटेंगे।
धमकी भरे ईमेल प्राप्त होने के बाद बीएसई प्रशासन ने तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को इसकी जानकारी दी। सूचना के बाद बम स्क्वॉड की टीम और लोकल पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। इमारत को खाली कराया गया और पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई। हालांकि, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला।
पुलिस के अनुसार, यह धमकी भरा ईमेल 'कॉमरेड पिनाराई विजयन' नाम की ईमेल आईडी से आया है। इस मामले को देखते हुए, एमआरए मार्ग पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(1)(ब), 353(2), 351(3) और 351(4) के तहत आतंक फैलाने और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने का मामला दर्ज कर लिया गया है।
इससे पहले, 15 जून को मुंबई में अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास कार्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। धमकी भरा एक कॉल आया था। इसके बाद बीकेसी पुलिस स्टेशन को अलर्ट कर दिया गया था, जिसके बाद पुलिस और बम स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की जांच की। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध सामान नहीं मिला था।
मुंबई पुलिस ने बयान में कहा कि कॉल के बाद बीकेसी पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने इलाके की जांच की, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। 16 जून को मुंबई के देवनार स्थित कनाकिया इंटरनेशनल स्कूल और कांदिवली के समतानगर स्थित रायन इंटरनेशनल स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story