भारत

कब्र से निकालकर महिला का काटा गया ये अंग, वजह है बेहद हैरान करने वाली

jantaserishta.com
8 Nov 2020 2:59 AM GMT
कब्र से निकालकर महिला का काटा गया ये अंग, वजह है बेहद हैरान करने वाली
x
हैरान करने वाला मामला सामने आया है.

उत्‍तर प्रदेश के कुशीनगर के रामकोला थाना क्षेत्र के ग्रामसभा देवरिया बाबू के जोलहापट्टी के कब्रिस्तान में शनिवार की सुबह छह दिन पहले दफनाई गई महिला का शव कब्र से बाहर पड़ा था। कब्र से बाहर पड़े शव को देख ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। जानकारी होने पर परिजन भी कब्रिस्तान में पहुंच गए। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से जरूरी जानकारी लेने के बाद शव को दोबारा दफन करा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कब्र के बाहर शव के पास मिठाईयां रखी गईं थीं, हरे रंग का चादर भी वहां पड़ा था और महिला का एक हाथ कटा हुआ था। चर्चा है कि तंत्र-मंत्र के चक्कर में शव को बाहर निकाला गया था।

रामकोला थाना क्षेत्र के ग्रामसभा देवरिया बाबू के टोला जोलहापट्टी निवासी अब्दुल शाह की पत्नी शबरून नेशा (28) गर्भवती थी। उसका इलाज फाजिलनगर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। बेहतर इलाज कराने की खातिर शबरुन तीन माह से अपने मायके कसया थाना क्षेत्र के नरकटिया में रह रही थी जबकि उसका पति अब्दुल शाह विदेश में रहता है। फाजिलनगर में एक निजी अस्पताल करीब 26 दिन पहले शबरून का प्रसव हुआ तो जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ मिले। प्रसव के 20 दिन बाद पिछले रविवार को महिला की मायके में ही मौत हो गई। जानकारी पर ससुराल वालों ने शबरुन का शव गांव लेकर पहुंचे और छह रोज पहले उसे जोलहापट्टी गांव के समीप पगार जाने वाली सड़क के किनारे कब्रिस्तान में दफन कर दिया।

दफन करने के छह दिन बाद शनिवार की सुबह खेत की तरफ जा रहे ग्रामीणों ने कब्रिस्तान में एक शव देखा। ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए इसकी जानकारी गांव में दी। कब्र के बाहर पड़े शव को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला का शव कब्र से बाहर पड़ा था और उसका दाहिना हाथ कटा हुआ था। कब्रिस्तान परिसर में कटे हुए हाथ को काफी खोजने का प्रयास किया गया मगर हाथ नहीं मिला। वहीं, हरे रंग की चादर और मिठाइयां भी शव के पास से पाए गए।

ग्रामीणों में चर्चा थी कि तंत्र-मंत्र के चक्कर में महिला का शव निकाला गया होगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से जानकारी लेने के बाद उनकी मौजूदगी में ही दोबारा शव को कब्र में दफन करा दिया। एसओ करुणेश प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस गयी थी। घटना की जांच की जा रही है।

एसपी बोले

कब्र से बाहर पड़े महिला के शव की जानकारी मिली है। तंत्र-मंत्र को लेकर शव बाहर निकाले जाने का आरोप लगाया जा रहा है। मामले में पुलिस हर बिंदु पर गंभीरता से जांच कर रही है।

विनोद कुमार सिंह, एसपी, कुशीनगर

Next Story