
x
वीडियो सामने आया.
मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है. यहां सीसी सड़क के ठीक बीचों-बीच बिजली का खंभा खड़ा दिख रहा है. इस अजीबोगरीब स्थिति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसे देखकर लोग हैरानी जता रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से कई गांवों के लोग रोजाना गुजरते हैं, लेकिन सड़क के बीच खड़ा खंभा हादसों को न्योता दे रहा है. आए दिन वाहन चालक इससे टकराने से बाल-बाल बचते हैं, जबकि कई छोटे-मोटे हादसे भी हो चुके हैं.
यह मामला मझवा विधानसभा क्षेत्र के कछवा-निगतपुर मार्ग का है. यहां निगतपुर रेलवे स्टेशन को जोड़ने के लिए सीसी सड़क का निर्माण कराया गया था. सड़क बनने से पहले ग्रामीणों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था. स्थानीय लोगों के अनुसार, उनकी मांग पर और मंत्री आशीष पटेल के प्रयास से रेलवे विभाग ने इस सड़क का निर्माण कराया.
हालांकि, सड़क निर्माण के दौरान एक बड़ी लापरवाही सामने आई. सड़क के बीचों-बीच पहले से मौजूद बिजली के खंभे को हटाने की बजाय उसी के चारों ओर सीसी रोड बना दी गई. नतीजा यह हुआ कि अब यह सड़क सुविधा के बजाय परेशानी का कारण बन गई है.
स्थानीय निवासी और प्रधानपति दयाशंकर पटेल ने बताया कि सड़क निर्माण के समय ही अधिकारियों से खंभा हटाने की मांग की गई थी. उस समय आश्वासन दिया गया था कि पहले सड़क बन जाए, खंभा बाद में हटा दिया जाएगा. लेकिन सड़क बनने के बाद भी खंभा वहीं का वहीं खड़ा है, जिससे लोगों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है.
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क निगतपुर रेलवे स्टेशन तक जाने का प्रमुख मार्ग है, ऐसे में यहां से रोजाना बड़ी संख्या में लोग और वाहन गुजरते हैं. ऐसे में बीच सड़क पर खड़ा बिजली का खंभा किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है.
वायरल वीडियो के बाद अब प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों से जल्द से जल्द इस खंभे को हटाने की मांग की है, ताकि सड़क सुरक्षित और सुगम बन सके. फिलहाल, इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. फिलहाल मामले का वीडियो वायरल हो रहा है.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





