
Uttar Pradesh: बकियाखेड़ा मजरे उदवतपुर गांव में चोरों ने रिटायर फौजी रामरतन यादव के घर से करीब 40 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना की जानकारी सोमवार सुबह हुई। वारदात से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने जल्द घटना का खुलासा किए जाने की मांग की। पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर जांच की।
रामरतन यादव के अनुसार उनका बेटा संजय कंबाइन मशीन लेकर गैर जनपद गया था। परिवार के लोग रविवार रात घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान चोर छत के रास्ते जीने से घर के अंदर दाखिल हुए और कमरों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर लेकर भाग गए।
पीड़ित ने बताया कि चोरी गए जेवर की कीमत करीब 40 लाख रुपये है। इनमें उनकी बेटी कविता और बहुओं रीता व अर्चना के जेवर शामिल थे। सोमवार सुबह नींद खुलने पर घर का सामान बिखरा मिला, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पहले रामरतन यादव की पांच भैंसें भी चोरी हो गई थीं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से गांव में आक्रोश है।





