
x
रिक्शे पर लादकर ले गए 28 बैटरियां, बंद फैक्ट्री में छिपाया माल
दिल्ली: गौतमबुद्ध नगर की कासना थाना पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का महज 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खानपुर रोड स्थित एमएसएमई प्रौद्योगिकी केंद्र के 3डी प्रिंटिंग रूम को निशाना बनाकर वहां से 28 यूपीएस एमेरान क्वांटा बैटरियां और 3डी प्रिंटिंग मशीन की लाइसेंस/मास्टर-की चोरी कर ली थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया रिक्शा (रेहड़ी) और दो अवैध चाकू भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर को एमएसएमई प्रौद्योगिकी केंद्र, कासना के उप महाप्रबंधक ने थाना कासना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि संस्थान के 3डी प्रिंटिंग रूम से कई यूपीएस एमेरान क्वांटा बैटरियां और 3D प्रिंटिंग मशीन की लाइसेंस/मास्टर-की अज्ञात चोर चोरी करके ले गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कासना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके साथ ही मैनुअल इंटेलिजेंस के जरिए भी आरोपियों की तलाश की गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप 8 नवंबर 2026 को थाना क्षेत्र से तीन आरोपियों उस्मान अली, जौनी और इमान को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने आपस में मिलकर खानपुर रोड स्थित एमएसएमई प्रौद्योगिकी केंद्र में चोरी की योजना बनाई थी। इसके बाद संस्थान के 3डी प्रिंटिंग रूम की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखी 28 बैटरियां तथा मशीन में लगी एक पैन ड्राइव चोरी कर ली। यही पैन ड्राइव मशीन की लाइसेंस/मास्टर-की के रूप में इस्तेमाल होती थी। चोरी करने के बाद आरोपियों ने सभी बैटरियों को रिक्शे में लादा और एक बंद पड़ी फैक्ट्री में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उस्मान अली (20 वर्ष) पुत्र साबिर अली निवासी ग्राम फिरोजपुर, थाना रजपुरा, जिला संभल, वर्तमान पता ग्राम लडपुरा, थाना कासना; जौनी (22 वर्ष) पुत्र जनक सिंह निवासी कस्बा खतौली, जिला मुजफ्फरनगर, वर्तमान पता ग्राम घोड़ी बछेड़ा, थाना दादरी; और इमान (22 वर्ष) पुत्र इस्लाम निवासी ओल्ड फरीदाबाद, हरियाणा, वर्तमान पता ग्राम ऐच्छर, थाना बीटा-2, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी उस्मान अली का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ गौतमबुद्ध नगर और संभल में चोरी, लूट, अवैध हथियार रखने और चोरी का सामान खरीदने-बेचने से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ थाना बीटा-2 में वर्ष 2026 के दो मुकदमे, संभल के गुन्नौर और जुनावई थानों में वर्ष 2022 और 2023 के कई मुकदमे तथा थाना कासना में वर्ष 2025 का चोरी से संबंधित मुकदमा भी दर्ज है। मौजूदा चोरी के मामले में भी उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है।
वहीं, आरोपी जौनी के खिलाफ गाजियाबाद के कविनगर और ट्रांस हिंडन थाने के अलावा गौतमबुद्ध नगर के दादरी थाने में मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम और चोरी से संबंधित मामले भी सामने आए हैं। तीसरे आरोपी इमान के खिलाफ गाजियाबाद के अंकुर विहार और गौतमबुद्ध नगर के बीटा-2 थाने में चोरी तथा अवैध हथियार रखने से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। कासना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 28 एमेरान क्वांटा बैटरियां, 3डी प्रिंटिंग मशीन की लाइसेंस/मास्टर-की के रूप में इस्तेमाल होने वाली पैन ड्राइव, दो अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल किया गया रिक्शा (रेहड़ी) बरामद किया है।
Next Story





