भारत

दंपती पर चाकू और डंडे से हमला कर आभूषण और डेढ़ लाख रुपये ले भागे चोर

Shantanu Roy
21 March 2024 5:45 PM IST
दंपती पर चाकू और डंडे से हमला कर आभूषण और डेढ़ लाख रुपये ले भागे चोर
x
राजसमंद। कस्बे की जैन बस्ती में बीती रात बदमाशों के गिरोह ने घर में सो रहे दंपति पर चाकू व लठ से हमला कर 16 तोला सोने के जेवर और डेढ़ लाख रुपए की नकदी लूट ली। इसी रात में आसपास के कुछ और घरों के भी ताले तोड़े। घनी आबादी के बीच हुई लूट की सनसनीखेज वारदात से कस्बे के लोग दहशत में हैं। जानलेवा हमले और लूट की ये वारदात खमनोर कस्बे में जैन बस्ती की लोढ़ा गली में बाबूलाल (62) पुत्र नाहरमल लोढ़ा के घर में रविवार देर रात हुई। बाबूलाल व उनकी पत्नी गीता घर के कमरे में सो रहे थे। रात करीब ढाई बजे तीन बदमाश उनके घर में घुसे। बदमाशों ने घर के मुख्य दरवाजे के पास वाली खिड़की के ऊपर रोशनदान की जाली निकाल दी। एक बदमाश अंदर उतर गया और दरवाजा खोल दिया। बाहर खड़े दो बदमाश भी घर में घुस गए। तीनों बदमाश पहली मंजिल पर गए, जहां दंपती कमरे में सो रहे थे। बदमाशों ने कमरे का दरवाजा खोला और अंदर चले गए।
एक के हाथ में लठ, दूसरे के हाथ में चाकू और तीसरे के हाथ में तलवार थी। एक बदमाश ने बाबूलाल के गले से सोने की चेन, जबकि दूसरे ने पत्नी गीता के गले से सोने का मंगलसूत्र, चेन व पुतली छीन ली। बाबूलाल बचाओ-बचाओ की आवाज लगाकर जोर-जोर से चिल्लाया तो एक बदमाश ने उस पर लठ से वार करना शुरू कर दिया। दूसरे ने उसके दाएं पैर पर चाकू से वार कर दिया। बदमाश ने उसकी गर्दन व बाएं कंधे के बीच में भी चाकू से वार किया और तलवार से काट डालने की धमकी देकर चुप करा दिया। बाबूलाल की पत्नी गीता ने लूट का विरोध और मदद के लिए सौ नंबर डायल करने के लिए जैसे ही मोबाइल हाथ में लिया, तभी एक बदमाश ने मोबाइल छीनकर फेंक दिया और गला दबाया। दंपती को हमले से घायल, मारपीट व धमकाकर चुपचाप बैठा दिया, उसके बाद अलमारी खोली और उसमें रखे सोने व चांदी के कई आभूषण व नकदी ले ली। पलभर में बदमाश लूट की वारदात कर भाग गए।
Next Story