भारत
हड़कंप मचा होली के दिन, हमलावरों ने पूर्व विधायक को बनाया निशाना, गोलियां चलाई
jantaserishta.com
14 March 2025 5:55 PM IST

x
पीएसओ हुआ घायल.
बिलासपुर: होली के दिन हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में सनसनीखेज वारदात हुई। पूर्व कांग्रेस विधायक बम्बर ठाकुर पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां बरसा दीं। इस हमले में वे और उनका निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बिलासपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को होली की धूम के बीच पूर्व विधायक बम्बर ठाकुर बिलासपुर स्थित अपने आवास पर मौजूद थे। इस दौरान कुछ अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और अचानक उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 12 राउंड फायरिंग की। इस हमले में बम्बर ठाकुर और उनके पीएसओ संजय गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
गोलीबारी की आवाज सुनते ही इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घायलों को तुरंत बिलासपुर अस्पताल पहुंचाया जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद आगे रेफर कर दिया गया।
मामले की जानकारी देते बिलासपुर एसपी संदीप धवल ने बताया कि इस हमले में पूर्व विधायक सहित दो लोग घायल हुए हैं। पूर्व विधायक बम्बर ठाकुर को IGMC शिमला और उनके पीएसओ संजय को एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभी मामले की गहन जांच चल रही है। हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने घटनास्थल से कुछ अहम सुराग भी जुटाए हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। इस वारदात के पीछे आपसी रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है।
यह पहला मौका नहीं है जब बम्बर ठाकुर पर गंभीर हमला हुआ हो। इससे सालभर पहले भी उन पर हमला किया गया था। जिसमें वे बुरी तरह घायल हो गए थे। अब एक बार फिर से उन पर हमले की वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
बता दें कि बम्बर ठाकुर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और 2012 से 2017 तक बिलासपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था लेकिन करीबी मुकाबले में हार गए थे। इसके बावजूद वे क्षेत्र में सक्रिय राजनीति में बने हुए हैं।
गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस भी इस बात की जांच कर रही है कि हमले के पीछे कोई राजनीतिक रंजिश तो नहीं है। इसके अलावा पुरानी दुश्मनी को लेकर भी छानबीन की जा रही है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





