भारत

35 बंदरों की मौत से मचा हड़कंप, अफसरों ने की जहर देकर मारने की पुष्टि

Admin2
29 July 2021 3:15 PM GMT
35 बंदरों की मौत से मचा हड़कंप, अफसरों ने की जहर देकर मारने की पुष्टि
x

फाइल फोटो 

कर्नाटक में बेजुबान जानवर पर जुल्म की इंतहा कर दी गई। बताया जा रहा है कि यहां 38 बंदरों को जहर दे दिया गया और कई बंदरों की बेरहमी से पिटाई की गई है। बंदरों पर अत्याचार करने की यह घटना हसन जिले की है। जिले के चौधानहाली गांव में 35 मृत बंदरों के मिलने के बाद से हड़कंप मच गया है। गांव में 20 अन्य बंदर बेहद ही घायल अवस्था में भी मिले हैं।

यहां अधिकारियों ने बताया है कि यहां बंदरों को जहर दिया गया है। इसके बाद कुछ बंदरों को बोरे में बंद कर उन्हें पीटा गया है। बुरी तरह से उनकी पिटाई करने के बाद कुछ लोग उन्हें सड़क किनारे छोड़ कर भाग गये। बताया जा रहा है कि सड़क से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर जब सड़क किनारे पड़ी बोरों पर पड़ी तब उनके होश उड़ गये। स्थानीय लोगों ने इन बोरों को खोल कर घायल बंदरों को पानी पिलाया। गांव के कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि पहले बंदरों को पीटा गया और फिर उन्हे बोरे में बंद कर दिया गया। जो बंदर उसमें जिंदा थे उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी और वो चलने-फिरने में भी असमर्थ थे।

अब इस मामले में वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया है। इस मामले की अब जांच शुरू कर दी गई है। मृत बंदरों के अंतिम संस्कार के लिए भी इंतजाम किये गये हैं। पुलिस ने यहां बताया है कि शुरुआती जांच में यह पता चला है कि बंदरों को मारने के लिए उन्हें जहर दिया गया था। मामले की जांच रेंज वन अधिकारी एवं वनपाल डी. गुरुराज कर रहे हैं। वन अधिकारियों ने कहा कि वे मरे हुए बंदरों को दफनाने के लिए जरूरी कार्रवाई कर रहे हैं। एक मृत बंदर को पोस्टमार्टम किया गया और प्रारंभिक रिपोर्टों में जहर देने की बात कही गई है।

Next Story