भारत

महिला का जला शव मिलने से मचा हड़कंप, हत्या का आरोप

Harrison
25 April 2024 10:56 PM IST
महिला का जला शव मिलने से मचा हड़कंप, हत्या का आरोप
x
कानपुर। स्वरूप नगर थानाक्षेत्र के अशोक नगर इलाके में दहेज की मांग न पूरी करने पर महिला को जलाकर मार डालने का आरोप लगाया गया है। मायके पक्ष के लोगों ने जलाकर मारने के बाद उन लोगों को सूचना देने का आरोप लगाया। लखनऊ से कानपुर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति और देवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
लखनऊ के गोमती नगर विश्वास खंड निवासी सौरभ साहू ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी बहन 35 वर्षीय प्रिया साहू का विवाह 17 नवंबर 2018 को अशोक नगर निवासी अमरजीत सिंह से किया था। अमरजीत मार्केंटिंग रिप्रेंजेटेटिव हैं। अमरजीत के पिता और उसके परिजन शास्त्री नगर में रहते हैं। उसने आरोप लगाया कि अमरजीत नशे में उनकी बहन के साथ मारपीट करता था, अक्सर रुपये की मांग करता था।
परिजनों ने बताया कि गुरुवार सुबह अमरजीत ने फोन कर जानकारी दी कि उनकी बहन की मौत हो गई है। जब वे उसके घर पहुंचे तो देखा प्रिया का जला हुआ शव पड़ा था। इस संबंध में डीसीपी सेंट्रल आरएस गौतम ने बताया कि मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर अमरजीत और उसके भाई हरमिंदर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या और आईपीसी की धारा 3 व 4 के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
Next Story