पार्किंग स्थल में आग लगने से अपार्टमेंट में मचा हड़कंप, बाइक और कारें जलकर खाक

यूपी। लखनऊ के लालबाग स्थित सिल्वर ऑफ अपार्टमेंट की पार्किंग में गुरुवार सुबह आग लग गई। कुछ ही देर में पूरे अपार्टमेंट में धुआं भर गया। चौथी मंजिल पर फ्लैट नंबर 403 में धुएं के बीच बुजुर्ग महिला समेत छह लोग फंस गए। जिन्हें दमकल कर्मी समय रहते सही सलामत बाहर निकाल लाए। वहीं, आग की चपेट में आकर पार्किंग में खड़ी एक स्कूटी, छह बाइक और चार कारें जल गईं। गनीमत रही कि आग से कोई हताहत नहीं हुआ है। दमकल कर्मियों ने तीन दमकल की मदद से एक घंटे में आग पर काबू पा लिया।
लालबाग में पांच मंजिला सिल्वर ऑफ अपार्टमेंट है। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे अपार्टमेंट की पार्किंग में आग लग गई। आग की लपट देख अफरा तफरी मच गई। कुछ ही देर में पूरे अपार्टमेंट में धुआं भर गया। लोग घबरा गए। वे चीख पुकार मचाते हुए भाग कर बाहर आ गए। उन्हीं में से किसी ने फायर ब्रिगेड को आग लगने के बारे में सूचना दी।
इस सूचना पर एफएसओ हजरतगंज राम कुमार रावत तीन दमकल के साथ पहुंच गए। दमकल कर्मियों ने राहत कार्य शुरू किया। इस बीच चौथे मंजिल से चीख पुकार सुनाई दी। फायर ब्रिगेड ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया। दमकल कर्मी सीढ़ी लगाकर बालकनी के सहारे चौथी मंजिल पर पहुंचे तो पता लगा कि फ्लैट नंबर 403 में रह रहा परिवार धुएं के बीच फंस गया है। दरवाजा खुलवाकर आलिया बेगम (82), अफसीन बानो ( 32), रफत ( 30), अब्बास ( 9 ), अदनान ( 5), मुस्तफा (13) को सही सलामत जीने के सहारे नीचे ले आया गया। आग लगने के कारणों की पड़ताल की जा रही है। प्रथमदृष्टया सामने मौके की स्थितियों के आधार पर एफएसओ ने बताया कि पार्किंग में खड़ी स्कूटी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है।





