भारत

एनडीए में कोई फूट नहीं, नीतीश कुमार शुरू करेंगे प्रचार अभियान: संजय झा

jantaserishta.com
15 Oct 2025 12:34 PM IST
एनडीए में कोई फूट नहीं, नीतीश कुमार शुरू करेंगे प्रचार अभियान: संजय झा
x
पटना: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रवक्ता संजय झा ने बुधवार को बताया कि दोपहर तक हमारी पार्टी की तरफ से उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी जाएगी। इसके अलावा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी कल से चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। हमारा कार्यक्रम सबसे पहले दरभंगा और समस्तीपुर में शुरू होगा, जहां पर हम जनता को अपनी सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराएंगे।
उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में उन सभी तर्कों को सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें यह कहा जा रहा है कि एनडीए में फूट है। उन्होंने कहा कि एनडीए में कोई फूट नहीं है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हम सब पूरी तरह से एकजुट हैं। कभी-कभी किसी विषय को लेकर कोई मतभेद रहता है, लेकिन हम उन मतभेदों को वार्ता के जरिए सुलझा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि एनडीए में यह कहना कि कुछ ठीक नहीं है, बिल्कुल गलत है। अब तक हमारे यहां सब कुछ व्यवस्थित तरीके से हुआ है। सीट बंटवारे से लेकर उम्मीदवारों की सूची जारी करने में, कहीं पर कोई भी दिक्कत नहीं हुई। सब कुछ ठीक चल रहा है। महागठबंधन को इसे लेकर कोई सवाल खड़ा करने की जरूरत नहीं है।
संजय झा ने दावा किया कि बिहार की जनता पूरी तरह से समझदार है। बिहार के लोग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कुशलता से अवगत हैं, जब कल से चुनावी कार्यक्रम की शुरुआत होगी, तो एक अलग ही माहौल देखने को मिलेगा। प्रदेश में पूरी तरह स्थिति हमारे पक्ष में है और हमारी सरकार इस बार भी बनने जा रही है। हम लोग सूबे की जनता का विश्वास जीतने में सफल रहे हैं।
साथ ही, जदयू में फूट की बातों को उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया और कहा कि हम सब एकजुट हैं। अगर कोई एनडीए में फूट की बात कह रहा है, तो वो निश्चित तौर पर हमारे विरोध में एक नेरेटिव स्थापित करने की कोशिश कर रहा है, जो बिल्कुल गलत है।
उन्होंने बिहार की जनता से अपील की कि वो किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं दें। मैं देख रहा हूं कि कई लोग अफवाह पर ध्यान दे रहे हैं। इस वजह से उन्हें गलत सूचनाएं मिल पा रही हैं। मैं ऐसे लोगों से कहना चाहूंगा कि जब तक उन्हें किसी प्रामाणिक स्रोत से जानकारी नहीं मिल जाती है, तब तक किसी भी स्रोत पर कोई विश्वास नहीं करें। कई लोग मुझे इन भ्रामक जानकारी पर विश्वास करके फोन करते हैं, तो मैं उन्हें कहता हूं कि ऐसा कुछ भी नहीं है। आपके पास बिल्कुल सही जानकारी नहीं है। कुल मिलाकर हमारा मकसद सिर्फ बिहार की जनता का कल्याण करना है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हम लोग इस दिशा में पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने दावा किया कि जो लोग भी जदयू को लेकर अफवाह फैला रहे हैं, उन्हें अच्छे से पता है कि नतीजा क्या निकलकर सामने आने वाला है। प्रदेश में इस बार फिर से हमारी सरकार का आगमन होने वाला है, जिसे कुछ लोग स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं और इसलिए ये लोग सूबे की जनता को दिग्भ्रमित करने के लिए भ्रामक सूचनाओं को प्रचारित कर रहे हैं, जो बिल्कुल भी उचित नहीं है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story