भारत

OMG! सिर पर बाल नहीं...शादी में खूब तमाशा हुआ, दूल्हा गिरफ्तार

Admin
27 Feb 2024 3:50 AM GMT
OMG! सिर पर बाल नहीं...शादी में खूब तमाशा हुआ, दूल्हा गिरफ्तार
x

सांकेतिक तस्वीर

प्रेम के जाल में फंसाया और उससे शादी तय कर ली।
कुशीनगर: कुशीनगर की एक शादी में गजब बवाल हो गया। पता चला कि तबरेज नामक युवक ने अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के भलुही के टोला सतपोखरिया की एक लड़की से खुद को आर्यन प्रसाद बता मोबाइल पर दोस्ती बढ़ाई थी। उसे प्रेम के जाल में फंसाया और उससे शादी तय कर ली। तबरेज के सिर पर बाल नहीं हैं। रविवार की रात वह विग लगाकर शादी करने पहुंच गया। जयमाल के बाद वधू के लिए लाये गए नकली जेवर और स्तरहीन कपड़ों से उसकी पोल खुल गयी। सूचना पर पहुंची अहिरौली बाजार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने लव जेहाद समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। सोमवार को थाने पहुंचे एएसपी अभिनव त्यागी ने मीडिया को इसकी जानकारी दी।
अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के भलुही टोला सतपोखरिया निवासी एक युवती का संपर्क एक वर्ष पूर्व एक युवक से मोबाइल के माध्यम से हुआ। युवक ने खुद का परिचय आर्यन प्रसाद पुत्र जयहिंद प्रसाद निवासी मीरजापुर, गोरखपुर के रूप में दिया। बताया कि वह पुलिस विभाग में तैनात है तथा उसकी पोस्टिंग बस्ती जिले में है। मोबाइल पर दोनों की दोस्ती हुई और अक्सर बातें होने लगी। लंबी लंबी बातचीत में भी तबरेज ने लड़की को उस पर संदेह का कोई मौका नहीं दिया। कुछ दिन बाद युवक ने युवती से प्रेम का इजहार करते हुए शादी का प्रस्ताव दिया। दोनों आपस में शादी के लिए राजी हो गए। लड़की के बताने पर उसके पिता ने भी मोबाइल पर लड़के से बात की।
लड़के वालों को स्वजातीय समझ कर उससे अपनी बेटी का रिश्ता तय के लिए गोरखपुर गए। तबरेज ने युवती के पिता को गोरखपुर में अपने आवास पर बुलाया मगर दूसरे के मकान को अपना मकान बता कर वहीं पानी पिलाया। बातचीत के बाद 25 फरवरी 2024 दिन रविवार को शादी की तिथि तय कर दी गई। इस बारात लेकर आने की बात कही। तय तिथि से एक दिन पहले युवक ने युवती के पिता को मोबाइल पर बताया कि मेरी मां को हार्ट अटैक आ गया है। मैं बारात लेकर नहीं आ सकता। मैं केवल अपने पिता और भाई को लेकर आऊंगा।
लड़की वालों की तैयारी हो चुकी थी। लिहाजा वह इस पर राजी हो गए। 25 फरवरी की रात एक कार को सजा युवक दूल्हे के रूप में सतपोखरिया पहुंचा। बड़ी ही खुशी से लड़की और लड़के ने जयमाल किया। आगे के रस्म की तैयारी होने लगी। इस बीच लड़की वालों को पता चला कि वधू को देने के लिए जो जेवर लाए गए थे, वह डुप्लीकेट थे। कपड़े भी स्तरहीन थे। इस पर लड़की वालों ने विरोध करना शुरू किया। दोनों पक्षों में बहस के दौरान युवक के धर्म पर शक हो गया। बहस व धक्का मुक्की के दौरान किसी ने लड़के के सिर के बाल पकड़े तो वह बाल का विग लगाये हुए था। विग उसके हाथ में आ गया। काफी हंगामा होने लगा। इसी बीच पता चल गया कि युवक आर्यन प्रसाद नहीं है। बल्कि उसका वास्तविक नाम तबरेज आलम है। वह नगर पंचायत मथौली थाना कप्तानगंज जनपद कुशीनगर निवासी सगीर आलम का बेटा है। यह बात सामने आने पर युवती ने शादी से इनकार कर दिया।
विवाद होता देख युवक के साथ आए दो अन्य लोग चुपके से फरार हो गए। काफी हो हल्ला मचने के बाद लड़की पक्ष के लोगों ने रात में 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को बैठा लिया। कुछ देर बाद अहिरौली बाजार के थानाध्यक्ष मनोज कुमार वर्मा अपने हमराहियों के साथ पहुंच गए। तबरेज को हिरासत में लेकर पुलिस थाने ले गयी।
लड़की के पिता ने पुलिस को बताया कि फोन पर बात करने पर यह अपने आप को पुलिस विभाग में कार्यरत बताता था तथा बस्ती जनपद में पोस्टिंग बताता था। बेटी को झांसे में ले लिया था। सोमवार को युवती के पिता ने थाने पहुंच कर युवक के खिलाफ धर्म व जाति छुपा कर शादी रचाने की कोशिश के संबंध में तहरीर दी। एसओ ने अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। थाने पर पहुंचे एएसपी अभिनव त्यागी के निर्देश पर आरोपी तबरेज, उसके पिता सगीर आलम व भाई जावेद अली के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।
मामले की जानकारी होने पर जिले के हिन्दूवादी नेता व हियुवा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय सिंह मुन्ना घटनास्थल पर पहुंचे। पीड़ित लड़की पक्ष के परिजनों से जानकारी लेने के बाद उन्होंने लव जिहाद के मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। एहतियातन गांव में पुलिस तैनात है।
एएसपी अभिनव त्‍यागी ने बताया कि पिता की तहरीर पर युवक के खिलाफ धर्म बदल कर शादी की कोशिश के संबंध में अहिरौली बाजार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Next Story