भारत

भयंकर गर्मी पड़ने की संभावना, इस साल बहाना होगा ज्‍यादा पसीना

jantaserishta.com
23 March 2024 11:50 AM GMT
भयंकर गर्मी पड़ने की संभावना, इस साल बहाना होगा ज्‍यादा पसीना
x
सांकेतिक तस्वीर
मौसम विभाग ने चेतावनी दी.
नई दिल्ली: उत्तर भारत के राज्यों में गर्मी पड़ना शुरू हो गई है। तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। इस बीच, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ जाएगा। ऐसा अगले चार से पांच दिनों में होगा। यानी कि गर्मी में और इजाफा होने जा रहा है। गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ के इलाकों में भयंकर गर्मी पड़ रही है और अगले पांच दिनों तक हीटवेव चलने वाली है।
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार में अधिकतम तापमान औसत से तीन से पांच डिग्री कम चल रहा है। उधर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, मणिपुर में यह एक से तीन डिग्री औसत से कम है। जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा में अधिकतम तापमान औसत से दो से चार डिग्री सेल्सियस ज्यादा बना हुआ है।
पूर्वोत्तर भारत में अगले पांच दिनों के बीच अधिकतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस बढ़ जाएगा। मध्य भारत में भी गर्मी बढ़ने वाली है और मैक्सिमम टेम्प्रेचर तीन डिग्री सेल्सियस तक दो से तीन दिनों में बढ़ने की संभावना है। रायलसीमा, केरल, माहे में 23-27 और तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल में 23 और 24 व कोंकण में 26 व 27 मार्च को हॉट एंड ह्यूमिड वेदर रहने वाला है। गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ जैसे इलाकों में 23 से 27 मार्च तक हीटवेव की स्थिति रहने वाली है।
वहीं, राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। सुबह साढ़े 8 बजे आर्द्रता 77 फीसदी रही। विभाग ने दिन में तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है जबकि अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 228 यानी 'खराब' श्रेणी में दर्ज किया गया। शून्य और 50 के बीच एक एक्यूआई 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है
Next Story