Top News

गरज-चमक के साथ आज बारिश होने के आसार, मौसम अलर्ट

3 Feb 2024 7:59 PM GMT
गरज-चमक के साथ आज बारिश होने के आसार, मौसम अलर्ट
x

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आज रविवार से मौसम बिगड़ने के आसार हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र से जारी बुलेटिन के अनुसार पूर्वी, पश्चिमी और बुन्देलखंड अंचलों के ज्यादातर हिस्सों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी …

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आज रविवार से मौसम बिगड़ने के आसार हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र से जारी बुलेटिन के अनुसार पूर्वी, पश्चिमी और बुन्देलखंड अंचलों के ज्यादातर हिस्सों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। राज्य के कुछ हिस्सों में सोमवार से मंगलवार के बीच भी ऐसा ही मौसम रहने की उम्मीद है।

रविवार से सोमवार के बीच आगरा, मथुरा, मेरठ, प्रयागराज और आसपास के इलाकों में ओले पड़ने की ऑरेंज वार्निंग जारी की गयी है। वहीं लखनऊ, सीतापुर, वाराणसी और आसपास के इलाकों में वज्रपात की आशंका है।

अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव प्रदेश पर पड़ने लगा है। इसी क्रम में पछुआ का क्रम टूटा और हवा पुरवा चलने लगी। लखनऊ में पछुआ हवा ने रात का पारा गिराया। बीती रात न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो बीते दिनों के मुकाबले दो डिग्री कम रहा। शाम को बादलों की आवाजाही रही। पश्चिमी विक्षोभ का असर सोमवार तक जारी रहेगा। इस दौरान बिजली कड़कने के साथ तेज हवाएं चलेंगी। कई जगहों पर ओले गिरने के आसार हैं।

पूर्वी यूपी में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। शनिवार को बादल और सूरज के बीच में दिनभर आंख मिचौली चली। उधर, रात का तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक हो गया। मौसम विभाग ने शनिवार को आसमान में बादलों की मौजूदगी व बूंदाबांदी का पूर्वानुमान जारी किया था। शनिवार को बादल आए जरूर लेकिन घनत्व कम रहा। बादलों की मौजूदगी में भी सूरज की तपिश कायम रही। अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार के मुकाबले रात के तापमान में इजाफा हुआ। शनिवार को रात का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को यह 9 डिग्री सेल्सियस था। शनिवार को हवा में अधिकतम नमी 86 फीसदी तक रही। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हो सकती है।

    Next Story