
x
राजसमंद। शहर के पास से गुजर रहे एनएच आठ पर कई स्थानों पर रोड पर धोरे बन गए हैं। इसके कारण हमेशा हादसा होने का अंदेशा बना रहता है, इसके बावजूद इस और ध्यान नहीं दिया जा रहा है। शहर के निकट से एनएच आठ गुजर रहा है। उक्त हाईवे से प्रतिदिन हजारों की संख्या में वाहन गुजरते हैं। वाहनों के दबाब के चलते राजसमंद से नाथद्वारा जाने वाले रोड पर एसआरके कॉलेज के आस-पास रोड पर गहरी धारियां बन गई है। पिछले कई माह से यह स्थिति बनी हुई है। रोड पर गहरी धारियां बन जाने के कारण वाहन लहरा जाते हैं। सर्वाधिक परेशानी दो पहिया वाहन चालकों को होती है। इससे हमेशा हादसा होने का अंदेशा बना रहता है। इसके बावजूद इस और ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि एनएच आठ मुम्बई, वडोदरा, अहमदाबाद, उदयपुर, अजमेर, जयपुर और दिल्ली को जोड़ता है। नेगड़िया टोल प्रबंधन का दावा है कि पिछले 3-4 माह में 50 किलोमीटर क्षतिग्रस्त रोड में से 45 किमी को दुरुस्त किया जा चुका है। वर्तमान में भी काम जारी है। एसआरके कॉलेज के आस-पास भी जल्द काम शुरू कर रोड को दुरुस्त कर दिया जाएगा।
केलवा कस्बे के बस स्टैंड व चौपाटी पर सर्विस रोड क्षतिग्रस्त होने के साथ ही 2 से 3 फीट गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों से लेकर राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर गुरुवार को व्यापारियों ने गड्ढों पर खडे होकर विरोध प्रदर्शन किया। कस्बे के सांवरमल, दिनेश कुमार, रोशनलाल, कमलेश कुमार, पारस तेली, धर्मेश रेबारी, कांतिलाल, देवीलाल, शांतिलाल, कैलाश कुमार, पवन सुथार, मनीष पालीवाल सहित व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। इन्होंने बताया कि सर्विस रोड पर 2 से 3 फीट गड्ढों की वजह से कई वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। साथ ही पूरे मार्ग पर धूल-पसरी हुई है, जो वाहनों के आवागमन के कारण दिनभर उड़ती रहती है। इससे इस मार्ग पर चलने वाले दुपहिया वाहन चालकों के साथ ही राहगीरों को धूल के कारण खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं क्षेत्र के प्रतिष्ठानों और घरों में भी यह धूल जम जाती है। वहीं, क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य पर भी इसका असर पड़ने की आशंका बनी हुई है। खासतौर पर सर्विस रोड किनारे के दुकानदारों को ज्यादा दिक्कत होती है। इसको लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। उन्होंने इस रोड की तत्काल मम्मरत करवाने की मांग प्रशासन से करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
Next Story





