भारत

दोस्त की बर्थडे पार्टी के लिए चोरी, CCTV ने खोला पूरा राज

jantaserishta.com
6 Sept 2026 4:17 PM IST
दोस्त की बर्थडे पार्टी के लिए चोरी, CCTV ने खोला पूरा राज
x
पढ़ें पूरी खबर.
नागपुर: दोस्त का जन्मदिन था. प्लान था कि पार्टी ऐसी हो, जिसे लोग लंबे समय तक याद रखें. बड़ा फार्महाउस हो, दोस्त हों और जमकर जश्न हो. लेकिन एक छोटी सी समस्या थी. पार्टी के लिए पैसे कम पड़ रहे थे. अब पैसे का इंतजाम कैसे किया जाए?नागपुर में कुछ युवकों ने इसका जो तरीका चुना, उसने उन्हें सीधे पुलिस के पास पहुंचा दिया.
पुलिस के मुताबिक, एक नाबालिग साथी का जन्मदिन बड़े फार्महाउस में मनाने के लिए पैसे जुटाने थे. इसके लिए चार लोगों की टोली कथित तौर पर चोरी करने निकल पड़ी. पहले एक कैफे को निशाना बनाया गया. फिर एक बंद पान की दुकान में चोरी हुई. लेकिन जिस प्लान को आरोपी बेहद चालाकी से अंजाम दे रहे थे, उसका पूरा खेल CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो रहा था.
और आखिर में बर्थडे पार्टी से पहले ही पूरी टोली पुलिस के हत्थे चढ़ गई. मामला नागपुर के कोतवाली और सक्करदरा थाना क्षेत्रों का है. पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त की देर रात आरोपियों ने नंदनवन सीमेंट रोड स्थित चाय सुट्टा कैफे को निशाना बनाया. कैफे संचालक के अनुसार, चोर यहां से करीब 10 हजार रुपये नकद और लगभग 20 हजार रुपये कीमत के सिगरेट पैकेट लेकर चले गए.
वारदात के बाद आरोपी वहां से निकल गए. इसके बाद इसी टोली ने कथित तौर पर सक्करदरा इलाके में बीमा हॉस्पिटल चौक स्थित पान सेंटर को निशाना बनाया. यहां से भी नकदी और सिगरेट के पैकेट चोरी किए जाने का आरोप है. दो अलग-अलग जगहों पर चोरी हो चुकी थी. अब पुलिस के सामने सवाल था कि इन वारदातों के पीछे कौन है?
जवाब मिला CCTV फुटेज में. पुलिस ने दोनों जगहों के CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले. फुटेज में दिखाई दिए आरोपी और वारदात के तरीके को देखने के बाद पुलिस को शक हुआ कि दोनों चोरी के पीछे एक ही टोली का हाथ है. क्राइम ब्रांच यूनिट-3 ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी. पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी का सामान बेचने के बाद आरोपी पैसे का बंटवारा करने वाले हैं.
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने चोरी का सामान वनदेवी चौक इलाके में एक पान की दुकान पर बेचा. इसके बाद मिली रकम के बंटवारे की तैयारी चल रही थी. इसी सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई की. पुलिस ने शहर के इंटाभट्टी चौक के पास घेराबंदी की और तीन आरोपियों के साथ एक नाबालिग को पकड़ लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पीयूष सोनटके, मोहम्मद जीशान अंसारी और वृतांत द्रविड़कर के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, तीनों यशोधरा नगर इलाके के रहने वाले हैं. एक आरोपी नाबालिग है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दोनों चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की. पुलिस ने उनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई एक बाइक और कुछ नकदी भी बरामद की है. पुलिस का यह भी कहना है कि पकड़े गए आरोपियों का पहले का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. मामले में आगे की जांच की जा रही है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story