भारत

पेड़ पर चढ़कर दुकान में की थी चोरी, पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

jantaserishta.com
16 Nov 2026 10:50 AM IST
पेड़ पर चढ़कर दुकान में की थी चोरी, पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
x
पुलिस ने महज चार दिनों में मामला सुलझा लिया है.
नई दिल्ली: दिल्ली के चांदनी चौक स्थित लहंगा बाजार में हुई सनसनीखेज चोरी की वारदात को कोतवाली पुलिस ने महज चार दिनों में सुलझा लिया है। पुलिस ने मामले में नेपाल के चार नागरिकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अनिल कुमार ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि चांदनी चौक रोड स्थित कटरा झज्जर के लहंगा बाजार में उनकी पहली मंजिल पर स्थित दुकान का शटर और ताले तोड़कर करीब 1.27 लाख रुपये चोरी कर लिए गए हैं। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में पता चला कि आरोपियों ने चोरी को अंजाम देने के लिए अनोखा तरीका अपनाया था। वे पेड़ पर चढ़कर पहली मंजिल पर स्थित दुकान तक पहुंचे और शटर व ताले तोड़कर नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया एक लहंगा, 8 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की छड़ें सहित अन्य औजार बरामद किए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह के नेतृत्व और एसीपी अमनदीप कौर की निगरानी में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि वारदात में पांच लोग शामिल थे। इसके बाद पुलिस ने ह्यूमन इंटेलिजेंस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों की पहचान की और उनकी तलाश शुरू की।
लगातार जांच और छापेमारी के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें तीन को दिल्ली के छतरपुर और एक को हरियाणा के गुरुग्राम से पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नेपाल के नागरिक हैं और कई वर्षों से दिल्ली-एनसीआर में किराये के मकानों में रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशीले पदार्थों और शराब पीने के आदी हैं तथा अपनी लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेर बहादुर (51), नरेंद्र (35), ज्ञानेंद्र उर्फ घिनु बहादुर (35) और भीम बहादुर (32) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि ज्ञानेंद्र उर्फ घिनु बहादुर वर्ष 2011 से दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के चार मामलों में पहले भी शामिल रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लहंगा, 8 हजार रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस वारदात में शामिल पांचवें आरोपी की भूमिका की भी जांच कर रही है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story