भारत

सोसाइटी के मंदिर में चोरी, धार्मिक सामग्री लेकर फरार हुए चोर

jantaserishta.com
19 Jun 2026 4:15 PM IST
सोसाइटी के मंदिर में चोरी, धार्मिक सामग्री लेकर फरार हुए चोर
x
देखें वीडियो.
नोएडा: नोएडा की हाई राइज सोसाइटी के मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई है। मामला थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सेक्टर-78 स्थित सिक्का कार्मिक ग्रीन सोसाइटी के मंदिर का है, जहां देर रात अज्ञात चोरों ने मंदिर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 2:31 बजे दो चोर मंदिर परिसर में दाखिल हुए। सीसीटीवी फुटेज में दोनों संदिग्ध मंदिर के आसपास घूमते और चोरी की योजना बनाते दिखाई दे रहे हैं। चोरों ने सबसे पहले मंदिर में रखे दान पात्र को निशाना बनाया और उसे तोड़कर उसमें रखी नकदी निकालने का प्रयास किया। हालांकि दान पात्र मजबूत होने के कारण वे उसे तोड़ने में सफल नहीं हो सके।
बताया जा रहा है कि दोनों चोर करीब 12 मिनट तक लगातार दान पात्र को तोड़ने का प्रयास करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर उन्होंने मंदिर के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर में रखी एक अलमारी का ताला तोड़ दिया और वहां मौजूद धार्मिक एवं पूजा सामग्री चोरी कर ली। चोरों द्वारा चोरी किए गए सामान में शिवलिंग पर स्थापित तांबे का नागदेव, पूजा में इस्तेमाल होने वाली घंटी, बड़ा दीपक, अखंड ज्योत का दीपक, तांबे के लोटे, पीतल के दीपक तथा अन्य धार्मिक सामग्री शामिल है।
चोरी के बाद आरोपी मंदिर की खिड़की से कूदकर मौके से फरार हो गए। शुक्रवार सुबह जब मंदिर के पुजारी नियमित पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो मंदिर का दरवाजा खुला मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। मंदिर की स्थिति देखकर उन्होंने तुरंत सोसाइटी के पदाधिकारियों और निवासियों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में एकत्र हो गए। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें चोरी की पूरी घटना सामने आई।
पुजारी ने तत्काल डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story