
x
सांसद के घर से टोटी-ढक्कन चोरी
Delhi दिल्ली। राजधानी दिल्ली के हाई-सिक्योरिटी वीआईपी इलाके में राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल के सरकारी आवास में चोरी का मामला सामने आया है। फिरोजशाह रोड स्थित कोठी नंबर-18 में चोरी की सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सांसद का आवास घटना के समय खाली था। सुबह पुलिस को चोरी की सूचना मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची। घर के बाथरूम से टोटी, कुछ जरूरी सामान और परिसर से गटर का ढक्कन चोरी होने की बात सामने आई है। हालांकि, घर से वास्तव में कितना और क्या-क्या सामान गायब हुआ है, इसकी पूरी जानकारी परिवार के सदस्यों के पहुंचने के बाद ही स्पष्ट होने की बात कही गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम घर के अलग-अलग हिस्सों से फिंगरप्रिंट और अन्य संभावित साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि चोर आवासीय परिसर में किस रास्ते से दाखिल हुए और वारदात को किस समय अंजाम दिया गया।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर संदिग्ध लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। इसके अलावा सीपीडब्ल्यूडी से भी जानकारी ली जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि गटर का ढक्कन और बाथरूम की टोटी किन परिस्थितियों में गायब हुई।
फिरोजशाह रोड राजधानी के महत्वपूर्ण वीआईपी इलाकों में शामिल है, जहां कई सांसदों और अन्य प्रमुख लोगों के सरकारी आवास हैं। ऐसे इलाके में चोरी की घटना सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल राज्यसभा सांसद हैं और गृह मामलों से संबंधित संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष भी हैं। परिवार के सदस्यों के दिल्ली पहुंचने और सामान की जांच के बाद चोरी से हुए वास्तविक नुकसान की तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है।
जनता से रिश्ता इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है। यह जानकारी जनस्रोतों और सोशल मीडिया माध्यमों से प्राप्त हुई है।
Next Story





