भारत

डैम में कूदने जा रहा था युवक, पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानें क्या है मांग?

jantaserishta.com
22 Aug 2023 2:57 PM IST
डैम में कूदने जा रहा था युवक, पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानें क्या है मांग?
x
रांची: झारखंड की स्वर्णरेखा नदी पर चांडिल डैम के निर्माण से विस्थापित हुए लोगों की समस्याओं को लेकर डैम में कूदकर जान देने जा रहे युवक गुरुचरण साव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसने चांडिल डैम परियोजना के प्रबंधन से मांग की थी कि विस्थापित हुए लोगों के मुआवजे का पूरी तरह भुगतान किया जाए और उनके संपूर्ण पुनर्वास की व्यवस्था की जाए। जब तक ऐसा नहीं होता, तब तक चांडिल डैम का जलस्तर 180 मीटर रखा जाए।
उसने इन मांगों को लेकर परियोजना प्रबंधन को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। अल्टीमेटम की अवधि सोमवार रात खत्म हो गई थी। मंगलवार की सुबह गुरुचरण साव जैसे ही चांडिल डैम के पास स्थित एक होटल पहुंचा, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
चांडिल थाना की पुलिस ने मंगलवार सुबह से ही चांडिल डैम और आसपास के क्षेत्र में कड़ी निगाह रखी थी। डैम के ऊपर किसी के भी जाने की मनाही थी। थाना प्रभारी दिनेश ठाकुर ने बताया कि गुरुचरण साव पुराने मामले में भी वांछित था। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद मेडिकल जांच करायी गयी। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।
गुरुचरण साव ने कहा कि चांडिल डैम के नाम पर अनुमंडल क्षेत्र के 116 गांव के लोगों का सबकुछ छीन लेने के बाद भी वादे के अनुसार संपूर्ण पुनर्वास नहीं हुआ है। नौकरी और मुआवजा के वादे भी पूरे नहीं हुए हैं। इसके बावजूद परियोजना प्रशासन डैम में जल भंडारण कर विस्थापितों को बेघर कर रही है। डैम में 183 मीटर जल भंडारण करने से डूब क्षेत्र के 43 गांव जलमग्न हो जाएंगे। उन्होंने कहा था कि विस्थापितों को जबरन डुबाकर बेघर किए जाने के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करने के लिए चांडिल डैम के ऊपर से छलांग लगाएंगे। अगर इसमें उनकी जान चली जाती है तो इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story