भारत

युवक का धर्मांतरण कराकर परिजनों को भेज दिया वीडियो, रोजगार की तलाश में निकला था पीड़ित

Nil dhankar
18 May 2026 7:28 AM IST
युवक का धर्मांतरण कराकर परिजनों को भेज दिया वीडियो, रोजगार की तलाश में निकला था पीड़ित
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। रोजगार की तलाश में कश्मीर गए बिजनौर के एक किशोर का जबरन धर्म परिवर्तन कराने का संवेदनशील मामला सामने आया है। लड़के के माता-पिता और पीड़ित परिवार के पास किसी अज्ञात नंबर से किशोर के इस्लाम कबूल करने का वीडियो भेजा गया है, जिसके बाद से माता-पिता सदमे में हैं। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश है। हिंदू संगठनों ने परिवार को मदद का भरोसा दिया है और पुलिस के उच्चाधिकारियों से संपर्क साधा है।

मामले में मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित किशोर कोतवाली शहर थाना क्षेत्र के रावली रोड स्थित एक गांव का रहने वाला है। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के कारण सभी लोग मेहनत-मजदूरी करते हैं। इसी सिलसिले में उनका 17 वर्षीय बेटा कुछ समय पहले कश्मीर गया था, जहां वह एक हेयर कटिंग सैलून पर काम करने लगा। किशोर के चाचा ने बताया कि एक दिन पहले उनके पास किसी अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाला उसका भतीजा ही था, जिसने कहा कि अब उसे भूल जाओ, उसने इस्लाम कबूल कर लिया है। बताया जा रहा है कि भतीजे से फोन पर बात करने के तुरंत बाद उसी नंबर से भतीजे के धर्म परिवर्तन करने और उसके बाद की गतिविधियों का एक वीडियो भी भेजा गया। वीडियो में लड़के का इस्लाम कबूल करना दिख रहा है। वीडियो देखने के बाद से घर में कोहराम मचा है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे के पुराने नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन उससे कोई बात नहीं हो पा रही है।

जैसे ही यह खबर गांव और आसपास के इलाके में फैली, लोगों में भारी गुस्सा पनप गया। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया। संगठनों का आरोप है कि नाबालिग को बहला-फुसलाकर और डरा-धमकाकर जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया है। परिजनों के पास बेटे के नाबालिग होने के सबूत के तौर पर हाईस्कूल की मार्कशीट भी है। इसके बाद पुलिस से संपर्क करके मामले में जांच के लिए कहा गया।

Next Story