भारत

युवक की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस और परिवार वालों ने कही यह बात

jantaserishta.com
23 March 2022 6:09 PM IST
युवक की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस और परिवार वालों ने कही यह बात
x
तीन अज्ञात के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है.

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में पिपरी थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले हुए पीट-पीटकर हत्याकांड मामले में गैरइरादतन हत्या, हत्या का प्रयास और बलवा की एफआईआर दर्ज हुई है. प्रधानपति व उनके पुत्र सहित पांच लोगों के खिलाफ नामजद किया गया है. तीन अज्ञात के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है.

पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के अहमदपुर असरौली निवासी जफर आलम (28) पुत्र जावेद अली की सोमवार को पिपरी इलाके के मीरपुर गांव में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी. पिटाई से उसका भाई नूर आलम भी घायल हुआ था. आरोप है कि भैंस की बिक्री के रुपये के लेनदेन के विवाद में मीरपुर प्रधानपति मानिकचंद ने अपने बेटे शनि, अवधेश, अवधेश के भतीजे ,पप्पू पुत्र कंधई व अन्य साथी ने मिलकर जफर की हत्या की है. तीन अज्ञात सहित कुल आठ को उसने नामजद किया गया है. पुलिस ने आईपीसी की धारा 147 / 148 / 149 / 323 / 504 / 506 / 308 / 304 के तहत केस दर्ज किया है.
जबकि कौशांबी एसपी की ओर से ट्वीटर पर बयान जारी करके बताया गया है कि जफर अपनी महिला मित्र से मिलने मीरपुर गया था, वहां महिला मित्र के परिजनों से उसका झगड़ा हो गया, ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया तो जफर ने फायरिंग कर दी, जिसके बाद गुस्साए लोगों ने जफर व उसके भाई को पीट दिया. पिटाई से जफर की मौत हो गई.
जफर के पिता की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर और पुलिस की कहानी बिल्कुल भिन्न है. पुलिस अपनी मिस्ट्री पर ही भरोसा कर रही है. अपनी मिस्ट्री को सच मानकर पुलिस जांच आगे बढ़ाएगी तो आरोपित प्रधानपति-पुत्र सहित नामजद किए गए आठों मुल्जिम नहीं बल्कि जफर की महिला मित्र तथा उसके परिजन दोषी बनाए जा सकेंगे, लेकिन पिटाई करने वाली भीड़ में शामिल लोगों को पहचानना पुलिस के लिए चुनौती होगा.
पुलिस के पास किसी को भी जेल भेजने के लिए साक्ष्यों का घोर अभाव हैय यही वजह है कि घटना के तीसरे दिन गुरुवार को भी किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई, जिन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था, फिलहाल उन्हें भी जेल नहीं भेजा गया है.
कौशांबी पुलिस की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि जफर की पिटाई की सूचना पर पहुंचे उसके भाई नूर आलम ने भी मीरपुर में फायरिंग की थी, जिसके बाद लोगों ने नूर आलम को भी पीटा. यह बयान जारी किए जाने से पहले इतना ही कहा जा रहा था कि सिर्फ जफर ने ही फायरिंग की है.




jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story