भारत

यूट्यूब ऑन कर अपने पेट को चीरा, रोजाना दर्द से परेशान था युवक

Nil dhankar
20 March 2025 7:09 AM IST
यूट्यूब ऑन कर अपने पेट को चीरा, रोजाना दर्द से परेशान था युवक
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। मथुरा में बार-बार पेट में दर्द से परेशान एक शख्स ने बुधवार दोपहर इंटरनेट से जानकारी जुटाकर अपने पेट में खुद ही चीरा मारकर ऑपरेशन करने का प्रयास किया। जब दर्द ज्यादा हुआ और खून रिसना बंद नहीं हुआ तो परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां उसकी गंभीर हालत देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर रेफर कर दिया। गांव सुनरख निवासी 32 वर्षीय राजाबाबू पुत्र कन्हैया पेट दर्द से परेशान था। पेट दर्द से निजात पाने के लिये बुधवार की दोपहर घर के एक कमरे में बंद होकर राजाबाबू ने खुद ही ऑपरेशन का प्रयास किया। पेट को सुन्न करने का इंजेक्शन लगाया और पेट के निचले हिस्से में सीधे हाथ की साइड में उसने सात इंच लंबा चीरा मार लिया।

इस दौरान सर्जिकल ब्लेड पेट के अंदर ज्यादा गहराई में चले जाने से परेशानी बढ़ गई और दर्द बढ़ गया तथा खून रिसने लगा तो उसने खुद ही टांके लगा लिए। इसके बाद भी जब पेट में दर्द की समस्या कम न हुई और खून निकलना भी बंद नहीं हुआ तो वह दूसरे कमरे में मौजूद परिजनों के पास पहुंचा। उसकी हालत देख परिजन घबरा गये और तत्काल उसे लेकर संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जब उसका हाल देखा और पूरी घटना सुनी तो चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगरा एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

बताया गया कि पेट में दर्द से परेशान होकर खुद ही अपना ऑपरेशन करने वाले राजाबाबू ने ऑपरेशन और उसमें प्रयोग होने वाले सामान आदि की जानकारी इंटरनेट मीडिया से जुटाई थी। सर्जिकल ब्लेड, स्टिचिंग का सामान, सुन्न करने वाला इंजेक्शन आदि सामान मथुरा के बाजार से वह खरीदकर ले गया था और अपने आप ऑपरेशन की कोशिश की। राजाबाबू के भतीजे राहुल ने बताया कि कई साल पहले राजा बाबू का अपेन्डिस का ऑपरेशन हुआ था। उसके बाद भी वह पेट में दर्द की शिकायत बताते रहते। अल्ट्रासाउंड कराया था तो वह सामान्य आया था। इसके बाद दर्द से परेशान राजा बाबू ने खुद ही ऑपरेशन कर निदान पाने की कोशिश की। जब दिक्कत बढ़ी तो परिजनों को बताया और परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे।

वृंदावन संयुक्त जिला चिकित्सालय प्रभारी आपातकालीन विभाग डॉ. शशिरंजन ने बताया, राजाबाबू नाम के युवक को अस्पताल लाया गया था। युवक ने पेट के राइट साइड में सात बाई एक सेंटीमीटर का चीरा लगा लिया था। उसने 10-12 गलत टांके लगा लिये थे। उसके टांके लगाकर आगरा के लिये रेफर कर दिया।

Next Story