पुलिस का नोटिस मिलने पर युवक ने किया सुसाइड, कुछ दिन पहले पकड़ाया था प्रेमिका संग

यूपी। कानपुर में भरुआ सुमेरपुर के एक गांव के निर्माणाधीन मकान में बुधवार को युवक-युवती को आपत्तिजनक हालत में देखकर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दे दी। इस पर पुलिस ने युवक को चौकी बुलाया था। वह चौकी तो नहीं पहुंचा, लेकिन गुरुवार को उसका बांदा क्षेत्र में एक पेड़ से शव लटका मिला। लोगों ने आशंका जताई है कि पुलिस के डर से उसने जान दे दी।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक बुधवार को पड़ोसी के निर्माणाधीन मकान में युवती के साथ पकड़ा गया था। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जमा हो गए थे। मकान मालिक ने पुलिस चौकी को सूचना दे दी थी। पुलिस ने दोनों को चौकी बुलाया था, लेकिन तभी बारिश शुरू हो गई। दोनों चौकी नहीं पहुंचे। इसके बाद शाम को युवक गांव से गायब हो गया। युवक के परिजन भी उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। गुरुवार सुबह युवक का शव बांदा जनपद के जसपुरा थाना क्षेत्र के रामपुर मौजे में पेड़ से लटकता मिला।
जसपुरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव मिलने की खबर जैसे ही युवक के घर पहुंची तो कोहराम मच गया। परिजन आनन-फानन बांदा पहुंचे। इस संबंध में कैथी पुलिस चौकी इंचार्ज राजेश कुशवाहा ने बताया कि बुधवार को यूपी-112 को सूचना मिली थी कि किसी मकान में युवक-युवती घुसे हैं। पीआरवी ने उन्हें मौखिक रूप से घटना की जानकारी दी थी। इस पर उन्होंने दोनों पक्षों को शाम को चौकी बुलाया था, लेकिन बारिश होने के कारण कोई नहीं आया। सुबह पता चला कि उसका शव बांदा में पेड़ से लटका मिला है। बांदा में ही शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद ही गांव आने की संभावना जताई जा रही।





