भारत

होने वाला दामाद जालसाज निकला, लुटेरे दूल्हे की ऐसे खुली पोल

Nil dhankar
21 Jan 2026 7:50 AM IST
होने वाला दामाद जालसाज निकला, लुटेरे दूल्हे की ऐसे खुली पोल
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। "मुझे कानपुर का डीएम (DM) बनाया जा रहा है, बस फाइनल इंटरव्यू के लिए 72 लाख रुपये की जरूरत है।" होने वाले पति के मुंह से यह बात सुनकर ससुराल वालों को लगा कि उनका दामाद शहर का सबसे बड़ा अफसर बनने वाला है। पूरे जीवन की कमाई और जमा पूंजी उसके हवाले कर दी। ससुरालियों को क्या पता था कि जिसे आईएएस' (IAS) समझ रहे हैं वह एक शातिर जालसाज है। जब सच्चाई पता चली तो ब्लैकमेलिंग का खेल शुरू हो गया। परेशान परिवार ने पुलिस की शरण ली। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जालसाज की तलाश शुरू कर दी है।

कानपुर के कल्याणपुर की रहने वाली युवती का रिश्ता उन्नाव निवासी एक युवक के जरिए नीतीश पांडे से हुआ था। नीतीश ने खुद को यूपीएससी (UPSC) सिलेक्टेड बताकर लड़की के परिवार का भरोसा जीत लिया। उसने बकायदा फर्जी जॉइनिंग लेटर दिखाए और दावा किया कि उसकी ट्रेनिंग पूरी होते ही उसे कानपुर का जिला अधिकारी (DM) नियुक्त किया जाएगा। नीतीश ने होने वाली पत्नी और उसके पिता को झांसा दिया कि कानपुर जैसे बड़े जिले की कमान संभालने के लिए उसे ऊपर तक रुपए पहुंचाने होंगे। उसने दावा किया कि कानपुर में ही डीएम की पोस्ट मिल रही है, बस इंटरव्यू के नाम पर मोटी रकम देनी है। अपनी बेटी के उज्जवल भविष्य और दामाद के रसूख के चक्कर में परिवार ने अपनी जीवन भर की कमाई और जमा पूंजी करीब 71 से 72 लाख रुपये किस्तों में उसे दे दिए। इस रकम का इंतजाम करने के लिए परिवार ने अपने पुश्तैनी जेवर और घर में रखी चांदी तक बेच दी।

करीब 6 महीने तक नीतीश ट्रेनिंग के बहाने टालमटोल करता रहा। जब काफी समय बीत गया और न तो शादी की बात आगे बढ़ी और न ही उसकी पोस्टिंग हुई तो युवती को शक हुआ। जांच करने पर पता चला कि नीतीश का आईएएस से दूर तक कोई नाता नहीं है। उसने जो भी दस्तावेज और ईमेल दिखाए थे, वे सब फोटोशॉप और फर्जी थे। अपने साथ हुए फर्जीवाड़े का पता चलते ही परिवार के पैरों तले जैसे जमीन की खिसक गई। रुपए वापस मांगा तो जालसाज ने धमकी देनी शुरू कर दी। युवती की निजी तस्वीरें और मैसेज वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। जालसाज की धमकी से लड़की का परिवार नहीं डरा और पुलिस की शरण ली। कानपुर के कल्याणपुर थाने में आरोपी नीतीश पांडे और उसके परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस अब उस 'लुटेरे दूल्हे' की तलाश कर रही है जिसने शादी के मंडप तक पहुंचने से पहले ही अपने ससुराल को सड़क पर ला दिया है।

Next Story