भारत

35 साल से भारत में है महिला, अब देश छोड़ने का नोटिस

Nilmani Pal
27 April 2025 7:17 AM IST
35 साल से भारत में है महिला, अब देश छोड़ने का नोटिस
x
पढ़े पूरी खबर

ओडिशा। पाकिस्तान में जन्मी शारदा कुकरेजा ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से अपील की कि उन्हें उनके परिवार से अलग न किया जाए, क्योंकि पुलिस ने उन्हें देश छोड़ने का नोटिस जारी किया है।

कुकरेजा (53) एक भारतीय नागरिक से विवाह करने के बाद 35 वर्षों से ओडिशा के बोलांगीर जिले में रह रही हैं। पाकिस्तान के सिंध प्रांत के सुक्कुर शहर में जन्मी शारदा जबरन धर्म परिवर्तन और वहां एक मुस्लिम युवक से शादी से बचने के लिए भारत आ गई थीं। महेश कुमार कुकरेजा से शादी करने के बाद वह 35 साल से ओडिशा के बोलांगीर जिले में रह रही हैं। उनके दो बच्चे एक बेटा और एक बेटी हैं। उनके दोनों बच्चे शादीशुदा हैं।

संपर्क किए जाने पर बोलांगीर के पुलिस अधीक्षक अभिलाष. जी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि प्रशासन ने शारदा को जल्द से जल्द देश छोड़ने का नोटिस दिया है। उन्होंने कहा कि नोटिस केवल महिला को दिया गया है, उनके पति या बच्चों को नहीं। शारदा कुकरेजा के इस दावे के बारे में पूछे जाने पर कि उनके पास आधार कार्ड है और उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लिया था, पुलिस अधीक्षक ने कहा, ''हमने रिकॉर्ड के अनुसार नोटिस दिया है। हमें अब उनके द्वारा किए जा रहे दावों की पुष्टि करनी है।''

Next Story