भारत

महिला ने बिना ऑपरेशन के एक ही समय में 3 बच्चों को दिया जन्म, नॉर्मल डिलिवरी से डॉक्टर भी हैरान

Nilmani Pal
8 Sep 2021 3:10 PM GMT
महिला ने बिना ऑपरेशन के एक ही समय में 3 बच्चों को दिया जन्म, नॉर्मल डिलिवरी से डॉक्टर भी हैरान
x

demo pic 

मुंबई में एक 32 वर्षीय महिला ने 3 बच्चों को सामान्य डिलिवरी के तहत जन्म दिया है। आमतौर पर ऐसे मामलों में बच्चों का सिजेरियन ऑपरेशन के तहत होता रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि यह केस दुर्लभ है क्योंकि महिला ने 35वें सप्ताह में बच्चों को एकदम नॉर्मल डिलिवरी के तहत जन्म दिया है और तीनों ही स्वस्थ हैं। मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली महिला गृहिणी है और उसका पति मजदूरी करता है। महिला प्रेगनेंट हो गई थी, लेकिन जून महीने तक उसने किसी भी डॉक्टर की सलाह नहीं ली। दरअसल कोरोना संकट के चलते लगे लॉकडाउन के दौर में वे अपने गांव चले गए थे और हाल ही में वापस जून में ही भिवंडी वापस लौटे।

महिला की डिलिवरी कराने वालीं डॉक्टर हुमैरा शेख ने कहा, 'हम उसका लगातार फॉलोअप ले रहे थे। वह जांच के लिए जब आई थीं, तब से ही हम पूरा चेकअप कर रहे थे। यहां तक कि सिजेरियन की तैयारी भी कर रखी थी।' यही नहीं महिला के शरीर में खून की कमी पाई गई थी। इसके चलते कुछ रक्त भी चढ़ाया गया था। मंगलवार को महिला ने देर रात पेट में दर्द की शिकायत की। इसके बाद तुरंत उसे अस्पताल लेकर आया गया। डॉ. हुमैरा शेख ने कहा कि हमने जब शुरुआती चेकअप किया तो पता चला कि ऑपरेशन की जरूरत ही नहीं है और नॉर्मल डिलिवरी हो सकती है।

डॉ. शेख ने बताया कि हमने ऑपरेशन के लिए भी तैयारी कर रखी थी। पहले बच्चे के पैदा होने के बाद महिला को ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया था। लेकिन दूसरे बच्चे की भी तुरंत ही नॉर्मल डिलिवरी हो गई। हालांकि तीसरा बच्चा महिला के पेट में आड़ा था। इसके चलते कुछ समस्या पैदा हुई, लेकिन पर्याप्त स्पेस होने के चलते उसकी भी नॉर्मल डिलिवरी हो गई। डॉक्टर ने कहा कि तीनों ही बच्चे स्वस्थ हैं, लेकिन उनका वजन कम है। महिला दो बेटों और एक बेटी को जन्म दिया है। तीनों का वजन क्रमश: 1.7kg, 1.8kg और 1.9 kg है। डॉक्टर ने कहा कि भले ही बच्चों का वजन कम है, लेकिन किसी को भी सांस लेने में कोई परेशानी नहीं है और उनका श्वसन तंत्र पूरी तरह से ठीक है।

एक्सपर्ट्स के मुताबिक तीन बच्चों के जन्म के मामलों में 8,000 में से कोई एक ही केस ऐसा होता है, जब डिलिवरी नॉर्मल होती है। मुंबई स्थित स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. जतिंदर कौर ने कहा कि तीन बच्चों का सामान्य डिलिवरी से जन्म लेना और वह भी 35 सप्ताह में एक दुर्लभ बात है। ऐसा मुश्किल ही होता है। कौर ने अपने 15 साल के करियर में एक ही बार तीन बच्चों की डिलिवरी कराई है। हालांकि वह डिलिवरी भी ऑपरेशन से ही हुई थी।

Next Story