भारत

पत्नी का चल रहा था अफेयर...दोनों ने मिलकर खेला खुनी खेल...कॉल डिटेल ने खोला राज

Shantanu Roy
27 Oct 2020 8:43 AM IST
पत्नी का चल रहा था अफेयर...दोनों ने मिलकर खेला खुनी खेल...कॉल डिटेल ने खोला राज
x

एक शादीशुदा महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की साजिश रच डाली. वारदात दिल्ली के कापसहेड़ा इलाके की है. पुलिस को 22 अक्टूबर के दिन कापसहेड़ा के सुनसान इलाके में एक शख्स की खून से लथपथ लाश मिली थी. जिस जगह पर लाश मिली उससे करीब 30 फीट की दूरी पर एक साइकिल भी पड़ी हुई थी.

पुलिस ने इस मामले में कत्ल का केस दर्ज कर जांच शुरू की. सबसे पहले पुलिस ने पीड़ित की पहचान की कोशिश की. थोड़ी ही देर बाद पुलिस को पता लगा कि मरने वाले शख्स का नाम भवानंद झा है. भवानंद कापासेड़ा इलाके में ही अपनी पत्नी और 4 बच्चों के साथ रहता था और एक फैक्ट्री में काम करता था.

पुलिस को मौके से कोई ऐसा सुराग नहीं मिला जिससे वह कातिल या फिर कत्ल की वजह समझ पाती. पीड़ित के पास से पुलिस को कोई ऐसी चीज भी नहीं मिली जिससे पुलिस यह समझ सकती कि कत्ल के पीछे लूट एक वजह हो सकती है, इसलिए पुलिस ने रंजिश मानकर कत्ल की जांच शुरू की.

पत्नी का चल रहा था अफेयर

तफ्तीश के दौरान पुलिस को पता लगा कि पीड़ित भवानंद झा की पत्नी का बृजेश नाम के एक लड़के के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. पुलिस ने जब दोनों की कॉल डिटेल निकाली तो पता लगा कि 6 महीने पहले दोनों की दोस्ती शुरू हुई थी. इसके बाद पुलिस ने जब तफ़्तीश आगे बढ़ाई तो पता लगा कि वारदात वाले दिन आरोपी बृजेश की लोकेशन मौके पर आ रही थी.

इसके बाद पुलिस ने बृजेश को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ करनी शुरू कर दी. बृजेश को जब भवानंद की पत्नी के साथ हुई उसकी बातचीत की कॉल डिटेल दिखाई गई तो बृजेश ने कत्ल का आरोप कबूल कर लिया.

खून से सने कपड़े लेकर प्रेमिका के पास पहुंचा आरोपी

पुलिस के मुताबिक बृजेश ने उन्हें बताया कि उसे पता था कि भवानंद झा कब घर से निकलता है और किस रास्ते से जाया करता है. इसलिए वह 22 तारीख की सुबह सुनसान इलाके में जिधर से भवानंद अपनी साइकिल से जाया करता था उस जगह पर खड़ा होकर उसका इंतजार कर रहा था, जैसे ही भवानंद वहां पर पहुंचा बृजेश ने उसके सिर पर पीछे से किसी रॉड से जोरदार वार किया और उसके बाद चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी. फिर लाश को ले जाकर सुनसान इलाके में फेंक दिया और उसकी साइकिल को कुछ दूरी पर ले जाकर छोड़ दिया.

इसके बाद बृजेश भवानंद झा के खून से सने कपड़े लेकर भवानंद के घर गया और उसकी पत्नी को कहा कि उसने भवानंद झा की हत्या कर दी है और उसे सबूत के तौर पर खून से सने कपड़े भी दिए.

पुलिस का कहना है कि जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों को यह लगता था कि उनके रिश्ते के बीच भवानंद झा एक रोड़ा है. दोनों ने साथ रहने की प्लानिंग की थी, लेकिन भवानंद के होते यह संभव नहीं था. इसी वजह से दोनों ने मिलकर उसको रास्ते से हटाने की साजिश रची थी. पुलिस ने आरोपी बृजेश और भवानंद की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है पुलिस का कहना है कि इस मामले में तफ्तीश अभी जारी है.

Next Story