भारत

बारात कैंसिल, दूल्हे को लेकर चली पंचायत, प्रेमिका का जोरदार हंगामा

Nil dhankar
21 April 2026 6:34 AM IST
बारात कैंसिल, दूल्हे को लेकर चली पंचायत, प्रेमिका का जोरदार हंगामा
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। ताजनगरी आगरा के शमसाबाद और डौकी क्षेत्र में सोमवार को एक शादी समारोह उस वक्त अखाड़े में तब्दील हो गया, जब बारात चढ़ने से ठीक पहले दूल्हे की कथित प्रेमिका ने मौके पर पहुंचकर भारी हंगामा खड़ा कर दिया। तीन साल से रिलेशनशिप में होने का दावा करने वाली युवती ने दूल्हे पर शादी का वादा उससे करने और कहीं और बारात लेकर जाने का आरोप लगाया। युवती न केवल दूल्हे के घर बल्कि शादी स्थल (मैरिज होम) पर भी पहुंची और शादी रुकवा दी। मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद देर रात तक थाने में पंचायत चलती रही।

मामला शमसाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां के एक युवक की शादी सोमवार को तय थी। उसकी बारात थाना डौकी क्षेत्र के एक गांव में जानी थी। दूल्हे के घर में बारात की की तैयारियां जोरों पर थीं, बैंड-बाजे बज रहे थे और परिजन खुशियां मना रहे थे। इसी बीच पास के ही गांव की रहने वाली एक युवती अपनी मां और कुछ ग्रामीणों के साथ दूल्हे के दरवाजे पर धमक पड़ी। युवती का आरोप था कि वह युवक के साथ पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध (रिलेशनशिप) में है और युवक ने उससे शादी का वादा किया था। युवती ने दो-टूक शब्दों में कहा कि वह यह शादी नहीं होने देगी और युवक को सिर्फ उससे ही शादी करनी होगी।

शुरुआत में युवक के परिजनों ने युवती को समझाने और डराने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। हंगामा बढ़ता देख ग्रामीण वहां इकट्ठा हो गए और मामला थाने तक पहुँच गया। शमसाबाद थाने पर भी युवती ने काफी देर तक हंगामा काटा। जब पुलिस और ग्रामीणों के समझाने का उस पर कोई असर नहीं हुआ, तो वह सीधे डौकी क्षेत्र स्थित उस मैरिज होम पहुंच गई जहां बारात का इंतजार हो रहा था। मैरिज होम में दुल्हन पक्ष के लोग बारात के स्वागत की तैयारी कर रहे थे, तभी युवती ने वहां पहुंचकर दुल्हन के परिजनों को अपने और दूल्हे के संबंधों की पूरी कहानी सुना दी। युवती ने तत्काल डौकी पुलिस को भी मौके पर बुला लिया, जिससे शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।

Next Story