भारत

अमेरिकी डाक सेवा ने छापे 20 मिलियन नए 'दि‍वाली फॉरएवर' स्टांप

jantaserishta.com
22 Oct 2026 10:51 AM IST
अमेरिकी डाक सेवा ने छापे 20 मिलियन नए दि‍वाली फॉरएवर स्टांप
x
वाशिंगटन: अमेरिकी डाक सेवा (यूएसपीएस) ने अपने नए 'दि‍वाली फॉरएवर' स्टांप की 20 मिलियन प्रतियां छापी हैं। एक अधिकारी के मुताबिक, यह संख्या सामान्य से थोड़ी ज्यादा है क्योंकि भारतीय समुदाय की ओर से इस स्टांप के लिए काफी जोरदार मांग और समर्थन मिला था। इस नए स्टांप का अनावरण बुधवार (स्थानीय समयानुसार) वॉशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास में किया गया।
यूएसपीएस की वाइस प्रेसिडेंट साहिबानी गंभीर ने समारोह के दौरान आईएएनएस से कहा, "भारतीय समुदाय की तरफ से दूसरा दीवाली स्टांप जारी करने की काफी मांग थी। हमें पहले से ही अंदाजा था कि यह स्टांप पहले वाले की तरह बेहद लोकप्रिय होगा। इसी वजह से हमने इसकी ज्यादा संख्या में छपाई की है ताकि लोग इसका आनंद ले सकें।"
रंगोली डिजाइन वाला यह स्टांप दि‍वाली के लिए यूएसपीएस की ओर से जारी किया गया दूसरा विशेष स्टांप है। पहला दीवाली स्टांप 2016 में जारी किया गया था। साहिबानी गंभीर ने कहा क‍ि पहला स्टांप भारतीय समुदाय में बेहद लोकप्रिय हुआ था। हमने उसके लाखों-करोड़ों स्टांप बेचे थे।
उन्होंने बताया, "हमने 2 करोड़ रंगोली स्टांप छापे हैं और हमें खुशी है कि भारतीय समुदाय इन्हें इस्तेमाल करेगा।" उन्होंने कहा कि स्टांप संग्रह करने वाले लोग भी इन्हें खरीदने में रुचि दिखाएंगे। स्टांप के पहले दिन के औपचारिक अनावरण और स्वागत समारोह का आयोजन वॉशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास में किया गया। इस अवसर पर साहिबानी गंभीर ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने कहा कि यह त्योहार सबसे पहले उन लाखों भारतीय-अमेरिकियों का है जो अमेरिका को अपना घर मानते हैं, जिनमें छात्र, पेशेवर, कलाकार और परिवार शामिल हैं।
उन्होंने कहा, "भारतीय अमेरिकी दोनों देशों के समाजों को जोड़ते हैं और भारत-अमेरिका संबंधों के बीच एक जीवंत पुल की तरह काम करते हैं। यह कार्यक्रम भी उस रिश्ते को और मजबूत करने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी है।"
आईएएनएस से बातचीत में क्वात्रा ने कहा कि यह स्टांप भारतीय-अमेरिकी समुदाय और अमेरिकी समाज के साथ भारत की सांस्कृतिक विरासत और सांस्कृतिक ताकत का जश्न मनाने का एक अवसर है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे हम दि‍वाली के त्योहार की ओर बढ़ रहे हैं, यह स्टांप हमारे उत्सव का एक अहम हिस्सा है।
इस स्टांप पर ह्यूस्टन में रहने वाली कलाकार संगीता भूताडा द्वारा बनाई गई रंग-बिरंगी रंगोली दिखाई गई है। इसे बैंगनी रंग की पृष्ठभूमि पर उकेरा गया है। करीब 30 वर्षों से रंगोली बना रहीं संगीता भूताडा ने इस डिजाइन को तैयार करने के लिए स्टार्च आधारित रंगीन पाउडर और रंगीन रेत का इस्तेमाल किया।
भूताडा ने बताया कि उन्हें यूएसपीएस की ओर से ईमेल मिला था, जिसमें पूछा गया था कि क्या वे स्टांप के लिए रंगोली बना सकती हैं। उन्होंने कहा, "अनुबंध पर हस्ताक्षर करने के बाद मैंने अपने डिजाइन के स्केच भेजे। फिर अलग-अलग रंगों में फर्श पर रंगोलियां बनाईं। इसके बाद मेरे फोटोग्राफर मित्र बिजय दीक्षित ने उनकी तस्वीरें खींचीं।"
भूताडा ने बताया कि उन्होंने लाल और नारंगी जैसे चमकीले रंग चुने क्योंकि ये दि‍वाली से खास तौर पर जुड़े हुए माने जाते हैं। यूएसपीएस के अनुसार, स्टांप का डिजाइन जेनिफर अर्नोल्ड ने तैयार किया है जबकि विलियम जे. गिकर इसके कला निदेशक थे। यह स्टांप 20-20 के पैनल में डाकघरों में और ऑनलाइन उपलब्ध है। चूंकि यह एक फॉरएवर स्टांप है, इसलिए इसकी कीमत हमेशा प्रथम श्रेणी के एक औंस डाक शुल्क के बराबर रहेगी। दि‍वाली जिसे हिंदू, सिख, जैन और अन्य समुदाय मनाते हैं, बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक मानी जाती है।

jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story