भारत

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने बताया - देश की 75 प्रतिशत वयस्क आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज लगे, कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारत ने हासिल किया अहम पड़ाव

Khushboo Dhruw
30 Jan 2022 4:23 PM GMT
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने बताया - देश की 75 प्रतिशत वयस्क आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज लगे, कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारत ने हासिल किया अहम पड़ाव
x
कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में भारत ने रविवार को एक और अहम पड़ाव हासिल कर लिया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया कि देश की 75 प्रतिशत वयस्क आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है।

नई दिल्ली। कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में भारत ने रविवार को एक और अहम पड़ाव हासिल कर लिया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया कि देश की 75 प्रतिशत वयस्क आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है। मांडविया ने ट्वीट कर कहा-सबका साथ, सबका प्रयास मंत्र से भारत अपनी 75 प्रतिशत वयस्क आबादी को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज दे चुका है। महामारी के खिलाफ लड़ाई में हम लगातार मजबूत होते जा रहे हैं। हमें कोरोना अनुरूप व्यवहार का पालन करना है और जितनी जल्दी हो सके, टीका ले लेना है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात में टीकाकरण अभियान का जिक्र किया। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि पहले तीन हफ्ते में ही 18 वर्ष के कम से 60 प्रतिशत किशोरों ने कोरोना रोधी टीका लगवा लिया है, जबकि देश में 75 प्रतिशत वयस्कों का पूर्ण टीकाकरण हो चुका है।
साथ ही पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि 75 प्रतिशत वयस्क आबादी का पूरी तरह से टीकाकरण हो चुका है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए हमारे साथी नागरिकों को बधाई। हमें उन सभी लोगों पर गर्व है, जो हमारे टीकाकरण अभियान को सफल बना रहे हैं।
रविवार सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान टीके की 62 लाख डोज दी गई। इसके साथ ही भारत में टीकाकरण का आंकड़ा 165.7 करोड़ को पार कर चुका है।
टीकाकरण के प्रमुख सोपान
- एक अप्रैल, 2021- 10 करोड़ डोज लगाई गईं
- 25 जून, 2021- 25 करोड़ डोज दी गईं
- छह अगस्त, 2021- 50 करोड़ डोज लगाने का आंकड़ा पार
- 13 सितंबर, 2021- 75 करोड़ डोज लगाई गईं
- 21 अक्टूबर, 2021- भारत ने 100 करोड़ डोज लगाईं
- सात जनवरी, 2022- 150 करोड़ डोज लगाने का आंकड़ा पार
- 30 जनवरी, 2022- 165.7 करोड़ डोज का देश ने आंकड़ा छुआ
कुछ ऐसे चला टीकाकरण अभियान
- 16 जनवरी, 2021- स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाने के साथ ही देश में अभियान शुरू हुआ
- दो फरवरी, 2021- फ्रंटलाइन वर्कर को लगा पहला टीका
- एक मार्च, 2021- 60 साल से अधिक और गंभीर रूप से बीमार 45-60 वर्ष के लोगों का टीकाकरण शुरू
- एक अप्रैल, 2021- 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को टीका लगाने का काम शुरू
- एक मई, 2021- 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को टीका लगना शुरू
- तीन जनवरी, 2022- 15 से 18 वर्ष के किशोरों को लगने लगे टीके
- 10 जनवरी, 2022 - स्वास्थ्य कर्मियों व फ्रंटलाइन वर्कर एवं गंभीर बीमारियों से ग्रस्त 60 साल से अधिक उम्र वालों को सतर्कता डोज देनी शुरू
Next Story