अयोध्या: श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ 31 दिसंबर को मनाई जाएगी. 27 दिसंबर 2025 से ही आयोजन का अनुष्ठान शुरू हो जाएगा. 31 दिसंबर को मुख्य आयोजन होगा. कुछ कार्यक्रम 1 और 2 जनवरी 2025 को पूरे होंगे.
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि राम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा का दूसरा वर्ष हो रहा है. इसे पाटोत्सव के रूप में मनाया जाता है. प्राण प्रतिष्ठा पौष शुक्ल द्वादशी के दिन हुई थी. अंग्रेजी तिथि के अनुसार उस समय 22 जनवरी 2024 थी.
भारत में सभी पर्व-त्योहार भारतीय कैलेंडर से मनाए जाते हैं. इसलिए अंग्रेजी तिथियों में बदलाव हो सकता है. प्रथम वर्षगांठ 11 जनवरी 2025 को मनाई गई थी. वहीं दूसरी वर्षगांठ हिंदू कैलेंडर के अनुसार 31 दिसंबर 2025 को मनाई जाएगी.
27 दिसंबर से अनुष्ठान: चंपत राय ने बताया कि पंचांग के मुताबिक 27 दिसंबर से अनुष्ठान कार्यक्रम शुरू हो जाएगा. सभी आयोजन अलग-अलग समय पर पूरे होंगे. संपूर्ण आयोजन 2 जनवरी 2025 को समाप्त हो जाएंगे.
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य और पेजावार मठ के स्वामी विश्व प्रसन्नतीर्थ अयोध्या और दक्षिण भारत के 108 वैदिक आचार्यों के साथ 27 दिसंबर तक मंडल पूजन का आयोजन करेंगे. इसमें आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू भी शामिल होंगे.





