भारत

'ट्रक ने खोया नियंत्रण और स्लीपर बस के फ्यूल टैंक से टकराया,' बस हादसे पर बोले IGP

jantaserishta.com
25 Dec 2025 10:05 AM IST
ट्रक ने खोया नियंत्रण और स्लीपर बस के फ्यूल टैंक से टकराया, बस हादसे पर बोले IGP
x
9 लोग जिंदा जल गए.
चित्रदुर्ग: कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। हादसा इतना भयानक था कि 9 लोग जिंदा जल गए, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को फौरन अस्पताल पहुंचाया, जहां अभी उनका इलाज किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बेंगलुरु से गोकर्ण जा रही एक प्राइवेट स्लीपर बस की एक कंटेनर लॉरी से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में अब तक नौ लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक यह दुर्घटना उस समय हुई जब सामने से आ रही कंटेनर लॉरी के ड्राइवर ने लापरवाही बरतते हुए अपनी लेन छोड़ दी और दूसरी तरफ चला गया। इसी दौरान उसकी सीधी टक्कर प्राइवेट स्लीपर बस से हो गई। टक्कर के बाद बस में आग लग गई और सभी यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया। मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने और यात्रियों को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि ज्यादा कुछ नहीं किया जा सका।
आईजीपी रविकांते गौड़ा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि यह घटना सुबह करीब 2 बजे हुई। एक सी बर्ड प्राइवेट स्लीपर कोच बस को सामने से आ रहे एक कंटेनर ट्रक ने टक्कर मार दी, जो डिवाइडर पार करके पूरी रफ्तार से बस से टकरा गया।
उन्होंने बताया, "हमें शक है कि ट्रक ने सीधे बस के फ्यूल टैंक में टक्कर मारी। फ्यूल लीक होने के बाद बस में आग लग गई और वह पूरी तरह जल गई।" उन्होंने कहा, "कुछ यात्री बस से निकलने में कामयाब रहे। हालांकि, जो लोग गहरी नींद में सो रहे थे, करीब आठ यात्री गाड़ी के अंदर फंस गए। इस घटना में कंटेनर ट्रक ड्राइवर की भी मौत हो गई। शुरुआती जांच के अनुसार, कुल नौ लोगों की मौत हुई है, जिसमें आठ बस यात्री और ट्रक ड्राइवर शामिल हैं,"
उन्होंने बताया कि इस दौरान कंटेनर लॉरी पीछे से आ रही एक स्कूल बस से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि स्कूल बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। वहीं, घायलों को तुरंत नजदीकी तुमकुर और हिरियूर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा कंटेनर लॉरी के ड्राइवर की लापरवाही की वजह से हुआ है। हालांकि, अभी मामले की जांच जारी है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story