भारत

साथ आए ठाकरे ब्रदर्स, गठबंधन का किया ऐलान, प्रेस कॉन्फ्रेंस की बड़ी बातें जानें

jantaserishta.com
24 Dec 2025 1:04 PM IST
साथ आए ठाकरे ब्रदर्स, गठबंधन का किया ऐलान, प्रेस कॉन्फ्रेंस की बड़ी बातें जानें
x
देखें वीडियो.

मुंबई: महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनाव में करारी हार के बाद विपक्षी पार्टियां बीएमसी चुनाव को लेकर एक्टिव मोड में आ गई हैं. उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (यूबीटी) और राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) ने बीएमसी समेत महाराष्ट्र के कुल 29 नगर निगम चुनावों के लिए हाथ मिला लिया है.

ठाकरे बंधु (उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे) मुंबई में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दोनों दलों के बीच गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया. उद्धव ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र का नेतृत्व केवल ठाकरे ही कर सकते हैं. उन्होंने महाराष्ट्र आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि हमें 107 लोगों की शहादत के बाद महाराष्ट्र मिला. तब उस आंदोलन की अगुवाई हमारे दादा कर रहे थे. मेरे और राज ठाकरे के पिता भी इस आंदोलन में शामिल थे.
उद्धव ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र मिलने के वर्षों बाद मराठी लोगों के अधिकारों के लिए शिवसेना की स्थापना हुई. उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के बीच गठबंधन का ऐलान करते हुए कहा कि जो लोग पहले महाराष्ट्र चाहते थे, वही लोग अब नए प्रयास शुरू कर रहे हैं. हम दिल्ली में बैठे दो लोगों को रोकने आए हैं. उद्धव ठाकरे ने कहा कि हम एकसाथ रहने के लिए साथ आए हैं. हमारी सोच एक है.
उन्होंने कहा कि हमें मराठियों का संघर्ष, उनका बलिदान याद है. उद्धव ठाकरे ने कहा कि दिल्ली में बैठे लोग हमें तोड़ रहे हैं. इस बार हमें नहीं टूटना है. ऐसा हुआ, तो बलिदान का अपमान होगा. वहीं, राज ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र, मुंबई किसी भी झगड़े से बड़ा है. आज हम दोनों भाई साथ हैं. उन्होंने कहा कि सीटों का बंटवारा मायने नहीं रखता. मुंबई का मेयर मराठी ही होगा, वह हमारा ही होगा.
इससे पहले, ठाकरे ब्रदर्स मुंबई के शिवाजी पार्क पहुंचे. उद्धव के साथ उनके पुत्र आदित्य ठाकरे और राज ठाकरे के साथ उनके पुत्र अमित ठाकरे भी थे. ठाकरे परिवार एक साथ शिवाजी पार्क पहुंचा था.
शिवसेना (यूबीटी) प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने ठाकरे ब्रदर्स के साथ आने पर कहा कि जनता का कोई काम नहीं हुआ है. जनता के पैसे की लूट हुई है. उन्होंने राजनीति के लिए साथ आने पर उठ रहे सवाल खारिज करते हुए कहा कि राजनीति हमारे लिए सेवा का माध्यम है. ये महायुति पूरी झूठी है. प्रियंका चतुर्वेदी ने यह भी कहा कि मेयर हमारा ही होगा, मराठी ही होगा.
संजय राउत ने कहा कि यह बहुत बड़ा दिन है. बालासाहब ठाकरे का पूरा परिवार एकसाथ आ रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि परिवार का तो है, लेकिन यह राजनीतिक गठबंधन है.इसका बहुत बड़ा फायदा हमें बीएमसी और अन्य नगर निगम के चुनावों में मिलेगा. बीएमसी उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे जीतने जा रहे हैं.
ठाकरे ब्रदर्स 20 साल बाद साथ आए हैं. दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग पर सहमति बन चुकी है. शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत शिवतीर्थ पहुंचकर राज ठाकरे से मिले थे. इसके बाद राज ठाकरे की पार्टी के नेताओं ने भी देर शाम मातोश्री पहुंच उद्धव से मुलाकात की थी.
दोनों दलों के गठबंधन का ऐलान 23 दिसंबर को ही होना था, लेकिन आखिरी वक्त में इसे एक दिन टाल दिया गया था. शिवसेना (यूबीटी) और एमएनएस में कुछ सीटों पर पेच फंसा था. उद्धव की पार्टी पिछले बीएमसी चुनाव में जीती अपनी 84 सीटों में से 12 से 15 सीट तक एमएनएस को देने के लिए तैयार थी. लेकिन पेच मुश्किल मानी जाने वाली सीटों पर फंसा था.

jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story