भारत

एकतरफा प्यार में छात्रा को टार्चर कर रहा था शिक्षक, हुआ ये हश्र

Nil dhankar
21 Aug 2022 11:58 AM IST
एकतरफा प्यार में छात्रा को टार्चर कर रहा था शिक्षक, हुआ ये हश्र
x
अरेस्ट

पटना सिटी में एक स्कूल टीचर की शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. टीचर छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने का प्रयास करता था, जब छात्रा ने इसकी जानकारी परिजनों को दी तो उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आरोपी शिक्षक की जमकर पिटाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया.

पटना के खाजेकला थाना क्षेत्र के दीवान मोहल्ला के पास प्राइवेट स्कूल सेंट स्टीफन की घटना है. यहां एक शिक्षक सैयद वकार अहमद स्कूल की एक छात्रा के साथ कई दिनों से अश्लील हरकत कर रहा था, जिससे छात्रा परेशान थी. आरोप है कि टीचर छात्रा से मोबाइल नंबर मांग रहा था और रात में बात करने की जिद भी कर रहा था. इसके साथ ही छात्रा ने शिक्षक पर क्लासरूम में गलत तरीके से छूने का आरोप भी लगाया.

शिक्षक से परेशान होकर छात्रा ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद शनिवार को छात्रा के परिजन और स्थानीय लोगों ने स्कूल पहुंचकर शिक्षक की जमकर पिटाई कर दी और आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया. इसके साथ ही छात्रा के परिजन ने खाजेकला पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत भी दी है, जिसके बाद पुलिस कानूनी कार्रवाई कर जेल भेजने की तैयारी में जुट गई है.

पीड़ित छात्रा ने आरोप लगाया कि शिक्षक आई लव यू कहते थे और क्लासरूम में अश्लील हरकत भी करते थे. मेरा मोबाइल नंबर भी मांगते थे, लेकिन मैंने नंबर देने से मना कर दिया, जिसके बाद उन्होंने अपना नंबर जबरदस्ती मेरी कॉपी में लिख दिया और जब मैंने ये बातें अपने परिजनों को बताई तो वो गुस्सा हो गए. इस घटना पर पटना सिटी के डीएसपी अमित शरण ने कहा कि एक प्राइवेट स्कूल के शिक्षक द्वारा छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है. शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Next Story