भारत

छात्र का आखिरी संदेश, 'मेरे शव और मेरे सामान को मेरे परिवार को दे देना'

jantaserishta.com
8 Dec 2025 8:06 AM IST
छात्र का आखिरी संदेश, मेरे शव और मेरे सामान को मेरे परिवार को दे देना
x

सांकेतिक तस्वीर

जांच जारी.
गौतम बुद्ध नगर: उत्तर प्रदेश में गौतम बुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा स्थित नॉएडा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग ऐंड टेक्नोलॉजी (NIET) में पढ़ने वाले 25 साल के एमसीए थर्ड ईयर के छात्र कृष्णकांत की रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, छात्र का शव उसके हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला. प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. घटना ने संस्थान में मौजूद छात्रों और स्टाफ को स्तब्ध कर दिया है.
नॉलेज पार्क थाना प्रभारी निरीक्षक सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि कृष्णकांत झारखंड का रहने वाला था और क्राउन हॉस्टल में अपने रूममेट हृतिक के साथ रहता था. कमरे से पुलिस को एक छोटा सा नोट मिला है, जिसमें लिखा था- 'I give up. Give my body and all my belongings to my family'- 'मैं हार चुका हूं, मेरे शव और मेरे सामान को मेरे परिवार को दे देना.' पुलिस इस नोट की जांच कर रही है.
निरीक्षक सिंह के अनुसार, घटना के कुछ समय पहले कृष्णकांत ने अपने पिता से फोन पर बात की थी. बातचीत के दौरान उसकी बातों से पिता को आशंका हुई कि वह खुद को नुकसान पहुंचाने जैसा कदम उठा सकता है. चिंतित पिता ने तुरंत रूममेट हृतिक से संपर्क किया और उससे कहा कि वह तुरंत कृष्णकांत की स्थिति देखें.
हृतिक उस समय हॉस्टल में मौजूद नहीं था, इसलिए उसने अपने एक परिचित को कमरे पर जाने को कहा. जब वह दोस्त कमरे तक पहुंचा तो पाया कि दरवाजा अंदर से बंद है. काफी देर तक खटखटाने और आवाज़ देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद अन्य छात्रों की मदद से दरवाजे का लॉक तोड़ा गया, जहां कृष्णकांत को फंदे से लटका हुआ पाया गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
हृतिक ने पुलिस को बताया कि कृष्णकांत पिछले काफी समय से लगातार सिरदर्द से परेशान था, जिसके कारण वह मानसिक दबाव में भी दिखता था. हालांकि पुलिस ने कहा कि मौत का कारण स्पष्ट रूप से तभी बताया जा सकेगा जब पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट प्राप्त होगी. पुलिस ने संस्थान प्रशासन से भी बातचीत की है और छात्र की पढ़ाई, स्वास्थ्य व व्यक्तिगत स्थिति से संबंधित विवरण जुटाए जा रहे हैं. परिवार को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story